Site icon Dainik Savera Times

युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने नशे का आदि बताया

अंबाला। कैंट थाना क्षेत्र के दलीपगढ़ में 34 वर्षीय राहुल की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही कैंट चौकी प्रभारी टीम सहित मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

परिजनों के मुताबिक राहुल काफी समय से शराब का सेवन करता था। शनिवार रात घर में सभी सो रहे थे कि अचानक गिरने की तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब परिवार कमरे में पहुंचा तो राहुल कांच की टेबल से टकराकर गंभीर रूप से घायल पड़ा था।

परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि टेबल से टकराने के बाद अत्यधिक खून बहने से उसकी मौत हुई होगी।

राहुल पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था और स्प्रे पेंट का काम करता था। परिजनों ने बताया कि वह शाम से ही नशे की हालत में था और कमरे में अकेला सो रहा था।

तोपखाना चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि परिजनों के बयान पर इत्तेफाकिया मौत मानकर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Exit mobile version