Site icon Dainik Savera Times

केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah 3 अक्टूबर आएंगे कुरुक्षेत्र, तीन नए कानूनों पर लगने वाली प्रदर्शनी का करेंगे उद्घाटन

कुरुक्षेत्र: अंबाला रेंज आईजी पंकज नैन ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर ब्रम्हसरोवर के मेला ग्राउंड में केंद्रीय मंत्री अमित शाह के आगमन पर लगने वाली प्रदर्शनी में सुधारों के सकारात्मक प्रभाव नजर आएंगे। कुरुक्षेत्र में ही भगवान श्रीकृष्ण ने न्याय के लिए गीता का उपदेश दिया था। अब कुरुक्षेत्र से ही नए आपराधिक कानूनी के बारे में ऐतिहासिक कार्यक्रम 3 अक्टूबर को केडीबी मेला ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए प्रशासन की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी गई है।

अंबाला रेंज आईजी पंकज नैन शनिवार को केडीबी में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इससे पहले आईजी पंकज नैन, उपायुक्त विश्रम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारियों ने 3 अक्टूबर के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह महत्वपूर्ण प्रदर्शनी 4-5 दिनों तक चलेगी, जिसे अधिवक्ता, छात्र, अभिभावक और आम नागरिक शामिल होकर आपराधिक न्याय प्रणाली में हुए बदलावों को समझ सके। उन्होंने कहा कि नए कानून से हुए परिवर्तन और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें 7 अलग-अलग विभागों की भूमिका को भी दशार्या जाएगा।

इस प्रदर्शनी को 10 भागों में विभाजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रुम में सूचना मिलने संबंधी प्रक्रिया होगी, सीन आफ क्राइम में घटना का परीक्षण दशार्या जाएगा। आईजी पंकज नैन ने कहा कि प्रदर्शनी में वास्तविक जीवन के उदाहरणों को भी प्रदर्शित किया जाना चाहिए जहां इन कानूनों के लागू होने के बाद जघन्य अपराधों का अति शीघ्र समाधान किया गया हो। इससे लोगों को इन सुधारों के सकारात्मक प्रभाव को देखने में मदद मिलेगी। इस प्रदर्शनी का प्राथमिक उद्देश्य भारतीय न्याय संहिता, 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 के माध्यम से भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों के बारे में नागरिकों को जागरूक और शिक्षित करना है।

ये भी पढ़ें: T20 World Cup Final: भारतीय महिला टीम ने बढ़ाया टीम इंडिया का हौसला, कहा- ‘चलो इसे घर ले आते हैं’

Exit mobile version