Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोनीपत में बुजुर्ग महिला की हत्या, गांव से बाहर ड्रेन में मिला शव, दुष्कर्म की आशंका

January 20, 2026

सोनीपत में बुजुर्ग महिला की हत्या, गांव से बाहर ड्रेन में मिला शव, दुष्कर्म की आशंका

सोनीपत : सोनीपत जिले के एक गांव में पशुओं के लिए हरा चारा लेने गई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या कर दी गई। परिजन व ग्रामीण रात से ही उनकी तलाश कर रहे थे, सोमवार की सुबह उनका शव गांव से बाहर ड्रेन के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतका के कपड़े फटे हुए थे। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के मुताबिक रविवार को दोपहर करीब तीन से चार बजे के बीच बुजुर्ग महिला पशुओं के लिए हरा चारा लेने घर से निकली थी। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिजन और गांव के लोगों ने आसपास के खेतों और इलाकों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग पाया।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR समेत 8 राज्यों में बारिश के आसार! IMD ने किया अलर्ट; जानें मौसम का हाल

सोमवार सुबह गांव से बाहर ड्रेन के पास झाड़ियों में बुजुर्ग महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद हुआ। शव की हालत देखकर परिजन और ग्रामीण स्तब्ध रह गए। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान लापता बुजुर्ग महिला के रूप में की। शव की स्थिति और फटे हुए कपड़ों को देखकर परिजनों ने बुजुर्ग महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मृतका के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जो सभी शादीशुदा हैं। वह अपने पति के साथ गांव में ही रह रही थी। घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

ये भी पढ़ें: Breaking: महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन हुआ क्रैश, लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

जांच के दौरान यह सामने आया कि शव जिस स्थान पर मिला, वह खरखौदा थाना क्षेत्र में आता है, जिसके बाद मामले की जांच खरखौदा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। डीसीपी नरेंद्र कादियान का कहना है कि महिला का शव मिलने की जानकारी मिली थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें