Site icon Dainik Savera Times

मोटा महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Chanting Shiva mantras Sawan

Chanting Shiva mantras Sawan

An outpouring of faith at Mota Mahadev Temple. : महेंद्रगढ़। प्रसिद्ध एवं प्राचीन शिव मंदिर मोटा महादेव, देव नगर में सावन मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित विशाल मेले, धार्मिक प्रस्तुतियों, जागरण एवं भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा मोटा महादेव के दर्शन किए और महाप्रसाद ग्रहण किया।

देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा। आयोजन का प्रमुख आकर्षण मंदिर परिसर में आयोजित पारंपरिक विशाल कुश्ती दंगल रहा। इसमें हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया। दंगल को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक देर रात तक मौजूद रहे और पहलवानों के रोमांचक मुकाबलों का आनंद लिया। दंगल में अन्नी बागोत ने 21 हजार रुपये की मुख्य कुश्ती जीतकर खिताब अपने नाम किया, जबकि भिवानी के अमन पहलवान ने 11 हजार रुपये की कुश्ती जीती। इसके अलावा 100, 500, 1100, 2100, 5100 रुपये सहित अन्य इनामी कुश्तियों के भी मुकाबले कराए गए। दंगल में 100 रुपये की 40, 500 रुपये की 35, 1100 रुपये की 30 तथा 2100 रुपये की 25 कुश्तियां हुईं। 5100 एवं 11 हजार रुपये की इनामी राशि वाली कुश्तियों में भी कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। 21 हजार रुपये की मुख्य कुश्ती में पहलवानों की संख्या अधिक होने के कारण टाई डालकर पारदर्शी तरीके से मुकाबलों का निर्धारण किया गया। इसके बाद हुए कड़े मुकाबले में अन्नी बागोत ने बाजी मारी।

कुश्ती भारतीय परंपरा और संस्कृति का प्रतीक : महंत

मंदिर के महंत भवानी शंकर गिरी ने श्रद्धालुओं एवं पहलवानों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति एवं प्राचीन परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और समाज में आपसी भाईचारे एवं सद्भावना की भावना भी मजबूत होती है। मेला प्रवक्ता जिले सिंह यादव ने बताया कि दंगल की सभी कुश्तियां पारदर्शी एवं सुचारू तरीके से संपन्न कराई गईं। अखाड़े में रेफरी एवं निर्णायक मंडल की भूमिका राजेश शर्मा झाड़ली, ताराचंद पहलवान एवं पोनी पहलवान ने निभाई। दंगल एवं मेले के सफल आयोजन में मेला प्रबंधकों एवं ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। ग्राम सरपंच कृष्ण कुमार, कमेटी सदस्य जगदीश प्रसाद, लालचंद, डॉ. अशोक कुमार, महेंद्र ट्रांसपोर्टर सहित मंदिर समिति के सदस्यों एवं समस्त ग्रामवासियों ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, पहलवानों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। देर रात तक चले धार्मिक आयोजन एवं कुश्ती दंगल ने क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और खेल भावना का माहौल बनाए रखा।

Exit mobile version