Site icon Dainik Savera Times

पलवल में NH-19 पर अज्ञात वाहन ने 2 मोटरसाइकिलों को मारी टक्कर,3 लोगों की हुई मौत

पलवल: जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। घायल युवक अपनी पत्नी के साथ मानेश्वर जा रहा था। सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के भिंड निवासी राज कुमार ने शिकायत दी है कि उसका भतीजा अंकुश गुरुग्राम में लेबर सुपरवाइजर का काम करता था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने अंकुश के भाई मुकेश को फोन पर बताया कि अंकुश सड़क दुर्घटना में घायल हो गया है। अंकुश के साथ एक महिला भी घायल हुई है। यह हादसा नेशनल हाईवे 19 पर बहरौला गांव के फ्लाईओवर पर हुआ। सूचना मिलने के बाद वह परिजनों के साथ पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि किसी अज्ञात वाहन ने अंकुश की बाइक को टक्कर मार दी है। इससे अंकुश और उसकी पत्नी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस हादसे में सुषमा की मौत हो गई, जबकि अंकुश का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, कैंप थाना के जांच अधिकारी रणजीत ने बताया कि बघौला गांव निवासी बिजन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका साला हेतराम जो फिरोजपुर झिरका निवासी है, करीब दो साल से उसके पास रह रहा था और एक होटल में काम करता था। उन्हें सूचना मिली कि पलवल के अलावलपुर चौक के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हेतराम गंभीर रूप से घायल हो गया है। हेतराम को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत के चलते उसे नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। शुक्रवार रात को उपचार के दौरान हेतराम की मौत हो गई।

Exit mobile version