रोहतक: शहर के सेक्टर-4 एक्सटेंशन में सोमवार देर रात को एक अज्ञात युवक ने दुकान में आग लगा दी। आग लगने की सूचना मिलने पर दुकान मालिक मौके पर पहुंचा। इसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सेक्टर-4 एक्सटेंशन स्थित भारत डेली नीड स्टोर के मालिक प्रवीन ने बताया कि वह रात को करीब सवा 10 बजे दुकान को बंद करके रामगोपाल कॉलोनी के नजदीक स्थित अपने घर चला गया था। रात करीब 12 बजे किसी राहगीर ने दुकान पर लिखे मोबाइल नंबर पर कॉल कर उसे सूचना दी कि दुकान में आग लगी हुई है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा। फिर डायल 112 व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
फिर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई। जिसमें एक युवक दुकान के अंदर पेट्रोल डालते हुए दिख रहा है। दुकानदार ने बताया कि आग लगाने वाले युवक को वह नहीं जानता। उसकी किसी के साथ कोई रंजिश भी नहीं है। अर्बन एस्टेट पुलिस स्टेशन के एसएचओ प्रदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें- हेल्थ अलर्ट: खाली पेट धूप में निकलना पड़ सकता है भारी, अपनाएं ये सावधानियां

