नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका वन विभाग कार्यालय के पास स्थित नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से पशु मेला लगाकर पशु विक्रेताओं से अवैध वसूली की जा रही है। यह काम केई माह से किया जा रहा है। फिरोजपुर झिरका एसडीएम डॉक्टर चिनार चहल को इसकी शिकायत मिली तो उन्होंने फोन कर फिरोजपुर झिरका सिटी चौकी पुलिस टीम को इस मेले को बंद कराने के आदेश दिए। चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह टीम के साथ पहुंचे और मेले को बंद कर चेतावनी दी कि अगर फिर से यहां पर अवैध तरीके से पशु मेला लगा तो कार्रवाई होगी।
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि फिरोजपुर झिरका में गुरुग्राम अलवर हाईवे किनारे लगने वाले पशु व्यापार मेले की तहबजारी का ठेका नगर पालिका द्वारा प्रति वर्ष छोड़ा जाता है। इस बार नगर पालिका ने एसडीएम डॉक्टर चिनार चहल की अध्यक्षता में नगर पालिका कार्यालय में खुली बोली पर पशु व्यापार मेले की तहबजारी का ठेका 2 करोड़ 82 लख रुपए में छोड़ा था। ठेका की शर्तों पर ठेकेदार के द्वारा खरा नहीं उतरने पर नपा प्रशासन ने इस ठेके को रद्द कर दिया। इसके बावजूद भी कुछ व्यक्ति प्रशासन से अनुमति लिए बिना ही नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से पशु व्यापार मेला लगा रहे थे। इस मेले में पशुओं की खरीद फरोख्त करने वालों से प्रत्येक पशु के हिसाब से अवैध वसूली कर रहे थे। इसकी शिकायत एसडीएम को मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी पुलिस ने तुरंत प्रभाव से उसको बंद कराया और आगे मेला नहीं लगाने के लोगों को निर्देश दिए गए।

