करनाल : करनाल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल को सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 10 ग्राम स्मैक (हेरोइन) और एक बाइक बरामद की गई। सब इंस्पेक्टर हिम्मत सिंह के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर दो युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान दोनों के पास से नशीला पदार्थ बरामद होने पर उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाटो गेट क्षेत्र निवासी साहिल उर्फ बांडा और अर्जुन गेट स्थित वाल्मीकि बस्ती निवासी सूरज उर्फ अंशुल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों शहर में सक्रिय थे और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर करनाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाते थे और उनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।

