Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा सरकार के 1 साल पूरे होने पर AAP नेता ने साधा निशाना, कह डाली ये बड़ी बात

October 18, 2025

हरियाणा सरकार के 1 साल पूरे होने पर AAP नेता ने साधा निशाना, कह डाली ये बड़ी बात

हरियाणा डेस्क. आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा में भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधा है। ढांडा ने कहा कि हरियाणा की मौजूदा सरकार जनता की नहीं, बल्कि दिल्ली दरबार से चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी सिर्फ नाम के मुख्यमंत्री हैं, जबकि फैसले आज भी खट्टर और भाजपा हाईकमान के हाथों में हैं।

ये भी पढ़ें: सीज़फायर के बाद पकिस्तान की नापाक हरकत, हमले में तीन अफगान ‘क्रिकेटरों’ की मौत

जनता की नहीं, भाजपा की सरकार

अनुराग ढांडा ने कहा कि यह सरकार हरियाणा की जनता के लिए नहीं, बल्कि भाजपा के राजनीतिक हितों के लिए काम कर रही है। पिछले एक साल में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। NCRB के आंकड़े बताते हैं कि हरियाणा अब देश के सबसे असुरक्षित राज्यों में से एक बन गया है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं, अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है और पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा की जगह भाजपा नेताओं के कार्यक्रमों में लगा हुआ है।

किसानों के साथ वादा नहीं, धोखा हुआ है

आम आदमी पार्टी नेता ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से MSP पर 24 फसलों की खरीद की गारंटी का वादा किया था, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। किसान अपनी फसलें 500 से 700 रुपये तक कम दामों में बेचने को मजबूर हुए। मंडियों में गेट पास में देरी, नमी और रंग के नाम पर कटौती और लिफ्टिंग में भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से किसान परेशान हैं। भाजपा सरकार ‘किसान हितैषी नहीं, व्यापारी हितैषी’ है और किसानों को सिर्फ चुनाव के वक्त याद करती है।

न किसानों को न्याय मिला, न युवाओं को रोजगार

ढांडा ने आरोप लगाया कि नायब सिंह सैनी की सरकार ने अब तक कोई ठोस काम नहीं किया। खट्टर सरकार की पुरानी कागज़ी योजनाएं दोबारा नए नाम से चलाई जा रही हैं। न किसानों को न्याय मिला, न युवाओं को रोजगार और न ही महिलाओं को सुरक्षा। सरकार केवल घोषणाएं कर रही है। ज़मीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं दिख रहा।

ये भी पढ़ें: लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ ट्रेन में लगी भीषण आग, यात्रियों में मचा हड़कंप

शिक्षा और रोजगार के मोर्चे पर भी नाकामी

AAP नेता ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था बदहाल है। हजारों अध्यापक पद खाली पड़े हैं, कई स्कूल एक ही शिक्षक पर चल रहे हैं और भर्ती परीक्षाएं पेपर लीक घोटालों से बदनाम हो चुकी हैं। बिजली कटौती से ग्रामीण इलाकों में लोगों को परेशानी हो रही है। सरकार विकास की बात तो करती है, लेकिन असलियत में सिर्फ भाषण ही दे रही है।

अपराधी खुले घूम रहे हैं, जनता ठगी जा रही है

ढांडा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपराधियों को खुली छूट दे रही है और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही। किसान, युवा और महिलाएँ इस सरकार से ठगे गए हैं, लेकिन अब जनता जागरूक हो चुकी है।

हर गांव-शहर में सरकार की नाकामी उजागर करेंगे

अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब हर गांव, हर गली और हर शहर में जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखेगी। एक साल में भाजपा सरकार ने हरियाणा को असुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसान विरोधी नीतियों की ओर धकेल दिया है। अब जनता सवाल पूछेगी और भाजपा को जवाब देना ही पड़ेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें