कैथल: हरियाणा राज्य शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा आज घोषित किए गए बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में कैथल के गांव स्यू माजरा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र अर्पणदीप सिंह पुत्र यादविंद्र सिंह ने पूरे प्रदेश में टॉप किया है। अर्पणदीप सिंह ने कामर्स संकाय में 500 में से 497 अंक हासिल कर स्कूल के साथ साथ अपने माता पिता, गांव व जिले का नाम रोशन किया है। बेटे के प्रदेश में टॉप करने की सूचना मिलते ही अर्पणदीप सिंह के पिता यादविंद्र सिंह व माता रमनदीप कौर भी स्कूल पहुंचे और प्रिंसीपल चरणजीत कौर व स्टाफ सदस्यों को बधाई दी।
अर्पणदीप ने बताया कि उसे अपने गुरुजनों का पूरा सहयोग मिला और उसके ऊपर कभी भी पढ़ाई के लिए दबाव नहीं बनाया। अर्पणदीप सिंह के पिता यादविंद्र सिंह एक किसान हैं व मां रमनदीप कौर गृहणी हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर दोनों बेहद खुश हैं। अर्पणदीप सिंह का परिवार गांव अगौंध में रहता है और उसने पहली से लेकर छटी तक की शिक्षा गांव दुसरेपुर के निजी विद्यालय स्वामी विवेकानंद से पूरी की थी। अर्पणदीप सिंह सातवीं कक्षा से स्यू माजरा के स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। अर्पणदीप सिंह ने बताया कि भविष्य में वह चार्टड अकाउंटेंट बनना चाहता है।

