Site icon Dainik Savera Times

अंबाला पुलिस ने विदेशी नशा तस्कर को प्रतिबंधित एमडीएमए पार्टी ड्रग सहित किया काबू

अंबाला शहर: अंबाला पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मैदान 2.0’ के तहत अंबाला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएनसी टीम ने इंस्पेक्टर ऋषिपाल के नेतृत्व में तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए दिल्ली से एक विदेशी (नाइजीरियाई) नशा तस्कर को गिरफ्तार किया।

जिसकी निशानदेही पर दिल्ली स्थित उसके किराए के मकान से 294 ग्राम प्रतिबंधित सिंथेटिक मादक पदार्थ एमडीएमए जिसे आमतौर पर ‘पार्टी ड्रग’ कहा जाता है बरामद किया गया है। इस पूरे मामले को लेकर अंबाला डीएसपी जगबीर मलिक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की।

मिली जानकारी के अनुसार बीते दिनों 19 जून को अंबाला की एएनसी टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान दिल्ली से बाइक पर सवार होकर अंबाला आ रहे दो नशा तस्कर सुरिंदर निवासी कुरुक्षेत्र और उसकी एक महिला साथी को 55 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों काबू किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पड़ाव में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था, वहीं दोनों आरोपियों को अंबाला कोर्ट के समक्ष पेश किया गया था, जहां से उन्हे पुलिस रिमांड पर लिया गया।

पुलिस रिमांड के दौरान जब गहराई से पूछताछ की गई, तो गिरफ्तार आरोपियों ने कबूला कि वे यह नशा दिल्ली में रहने वाले एक नाइजीरियाई मूल के सप्लायर से खरीदकर लाए थे। इस इनपुट पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एएनसी प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिपाल की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और खुफिया तंत्र की मदद से जाल बिछाया और मुख्य सप्लायर को दिल्ली से दबोच लिया।

Exit mobile version