Site icon Dainik Savera Times

खेती की लागत घटाने और पैदावार बढ़ाने के लिए न्यास की नई पहल

Aryavart Seva Nyas to Provide 1000 Subsidised Fertiliser Bags : नारनौल। सरसों की फसल में उत्साहजनक परिणाम मिलने के बाद आर्यावर्त सेवा न्यास ने अब गेहूँ उत्पादक किसानों के हित में एक नई पहल की है। न्यास की ओर से गेहूं की फसल के लिए किसानों को 1,000 सब्सिडी वाले (रियायती) उर्वरक बैग उपलब्ध करवाए जाएंगे।

न्यास के संस्थापक श्री विनीत पिलानिया ने इस योजना की घोषणा करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य किसानों को कम लागत में बेहतर पैदावार हासिल करने के साथ-साथ खेती के लिए वैकल्पिक पोषण तकनीक उपलब्ध करवाना है। न्यास के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार श्री सुदल कुमार ने बताया कि विशेष फॉस्फेट उर्वरक के इस्तेमाल से सरसों की फसल में कई सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। उनके अनुसार खेतों में बीज का अंकुरण 3 से 4 दिनों में हुआ। पौधों में पत्तियों का बेहतर विकास, अधिक हरियाली और क्लोरोफिल की अच्छी मात्रा दर्ज की गई। इससे पौधों की प्रकाश संश्लेषण क्षमता में सुधार देखा गया।

इसके अलावा फसल में सफेद जड़ों का घना और मजबूत तंत्र विकसित हुआ, जिससे मिट्टी से पोषक तत्वों के अवशोषण में मदद मिली। न्यास की ओर से यह भी दावा किया गया कि उत्पाद के प्रयोग से फसल की कीट एवं रोगों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता और प्रतिकूल मौसम तथा खारे पानी के तनाव को सहन करने की क्षमता में सुधार देखने को मिला। विनीत पिलानिया और सुदल कुमार ने बताया कि सरसों की फसल में मिले परिणामों को देखते हुए अब गेहूँ उत्पादक किसानों तक भी इस तकनीक का लाभ पहुंचाने की योजना बनाई गई है।

इसके तहत 1,000 बैग सब्सिडी पर उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि किसान कम खर्च में इस उत्पाद का उपयोग कर सकें। न्यास का मानना है कि इस पहल से खेती की लागत कम करने और फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन में सुधार की दिशा में किसानों को मदद मिल सकती है। योजना, उत्पाद और सब्सिडी की शर्तों से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान लैंड्सवर्थी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट और उसके सोशल मीडिया हैंडल्स पर संपर्क कर सकते हैं।

Also Read :

Exit mobile version