Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

CSSRI के आवासीय परिसर में एक बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या का प्रयास

May 10, 2026

CSSRI के आवासीय परिसर में एक बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या का प्रयास

करनाल : करनाल में केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के आवासीय परिसर में शुक्रवार को एक स्कूल वैन चालक ने वैज्ञानिक के घर में घुसकर अकेली बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। वारदात के दौरान लूटपाट का भी प्रयास किया गया, लेकिन महिला की चीख सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।

पुलिस को फुटेज सौंप दी गई है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। डॉ. अमरेश चौधरी की शिकायत पर रामनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, डॉ. अमरेश चौधरी का ढाई साल का बेटा कैम्ब्रिज मोंटेसरी पब्लिक स्कूल में पढ़ता है। उसे लाने-ले जाने का काम कृष्णकांत नामक वैन ड्राइवर करता था। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे जब घर में 62 वर्षीय सुमन देवी अकेली थीं, तब कृष्णकांत चारदीवारी फांदकर क्वार्टर डी-15 में पहुंचा।

उसने दरवाजे की घंटी बजाकर झूठ बोला कि पोते की तबीयत खराब है और कपड़े बदलने हैं, फिर शौचालय जाने का बहाना बनाकर अंदर चला गया। शिकायत के मुताबिक, शौचालय से बाहर आते ही कृष्णकांत ने जेब से कपड़ा निकालकर पीछे से सुमन देवी पर हमला कर दिया। उसने उनका गला दबाया और सोने की चेन लूटने की कोशिश की। इस दौरान हुई मारपीट में महिला के चेहरे, सिर और गले पर गंभीर चोटें आईं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें