घरौंडा/करनाल : बरसत गांव में पुंडरी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई, जब युवक पेट्रोल लेकर बाइक से घर जाने लगा था। पांच-छह युवकों ने उसे रोक लिया और नाम पूछा। बातचीत के दौरान एक युवक ने उसका नाम अजय बताया और इसी बात पर विवाद हुआ। इसके बाद एक युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरसत निवासी पीड़ित मनदीप ने बताया कि वह बीती शाम पुंडरी रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था। पेट्रोल लेने के बाद जैसे ही वह घर जाने लगा, तभी पांच-छह युवक उसके पास आए और उसे रुकने के लिए कहा। उसे लगा कि युवकों को कोई काम होगा, इसलिए वह रुक गया। मनदीप के अनुसार युवकों ने उससे नाम पूछा। उसने अपना नाम मनदीप बताया, लेकिन एक युवक ने कहा कि उसका नाम मनदीप नहीं बल्कि अजय है।
मनदीप ने दोबारा अपना नाम मनदीप बताया। हमलावरों ने बोला कि नहीं, तुम्हारा नाम मनदीप नहीं अजय है। इसी दौरान एक युवक ने कुल्हाड़ी निकालकर उस पर वार कर दिया। मनदीप ने बताया कि कुल्हाड़ी का वार उसके हाथ पर लगा, जिससे वह घायल हो गया। उपचार के दौरान उसके हाथ में 17 टांके लगाए गए। हमला होने के बाद उसने अपनी बाइक वहीं खड़ी कर दी और मौके से भागकर एक फैक्टरी में जाकर छिप गया। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि वह आरोपियों को जानता तक नहीं है और न ही उसकी उनसे कोई रंजिश है।
ऐसे में उसे समझ नहीं आ रहा कि युवकों ने उस पर हमला क्यों किया। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित मनदीप ने मामले की शिकायत घरौंडा पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि युवक की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

