बहादुरगढ़। परनाला गांव के किसान धर्मबीर सिंह को पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विस (PMS) में हाई रिटर्न का झांसा देकर एक लाख रुपए की साइबर ठगी का शिकार बना लिया गया। घटना 25 जून की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार उनके मोबाइल पर एक युवक का कॉल आया जिसने खुद को हितेश कुटारी बताया और शेयर मार्केट में PMS के माध्यम से सुरक्षित निवेश करवाने का दावा किया।
ये भी पढ़ें: जींद में अचानक धंसी नई सड़क, ट्रक हादसे से बचा
कॉलर ने हर महीने छह से आठ प्रतिशत मुनाफे का वादा करते हुए WhatsApp पर एक बारकोड भेजा और तत्काल निवेश का दबाव बनाया। धर्मबीर ने विश्वास में आकर एक लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। पैसे भेजने के बाद आरोपी ने दो महीने तक हर सप्ताह लगभग 1,420 रुपए भेजकर भरोसा बनाए रखा और फिर अधिक निवेश का लालच देना शुरू कर दिया।
इंकार करने पर भुगतान आना बंद हो गया। कुछ दिन बाद आरोपी का मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। संदेह होने पर धर्मबीर ने मामले की शिकायत साइबर पोर्टल पर दर्ज करवाई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की पहचान, लेन-देन और कॉल डिटेल्स की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला PMS फ्रॉड, शेयर मार्केट ठगी और फ़र्जी हाई-रिटर्न स्कीम से जुड़ा हो सकता है। मामले से जुड़े डिजिटल ट्रांज़ैक्शंस की भी जांच की जा रही है।

