Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

बहादुरगढ़ हाइवे पर भीषण टक्कर, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; सोनैट कार पलटी, युवक की हालत नाजुक

November 27, 2025

बहादुरगढ़ हाइवे पर भीषण टक्कर, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; सोनैट कार पलटी, युवक की हालत नाजुक

बहादुरगढ़। नेशनल हाइवे-9 के बाईपास पर झज्जर फ्लाईओवर के पास बुधवार सुबह अचानक ब्रेक लगने से बड़ा हादसा हो गया। एक कार के अचानक रुकने पर पीछे चल रही तीन गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि किया सोनैट कार पलट गई और उसका एक पहिया फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें एक युवक की हालत चिंताजनक है।

ये भी पढ़ें: करनाल में हाईवे किनारे संदिग्ध ग्रेनेड से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। बताया गया कि एक स्कोडा कार चालक ने किसी अज्ञात कारण से अचानक ब्रेक लगाए। इसके तुरंत बाद पीछे आ रही सोनैट कार का नियंत्रण बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में रेलिंग से टकराकर उलट गई। पलटने के बाद कार पिकअप और स्विफ्ट से भी जा टकराई।

सोनैट कार में सवार नवीन, निर्मला और ज्योति घायल हो गए। तीनों किलोई गांव के रहने वाले हैं और गुरुग्राम में माता के दर्शन कर लौट रहे थे। हादसा इतना तेज था कि फ्लाईओवर पर मौजूद रेहड़ी वाले भी बाल-बाल बच गए।

घायलों को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां नवीन की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पिकअप चालक को हाथ में चोट आई, जबकि स्विफ्ट वाहन में बैठे व्यक्ति को हल्की चोटें पहुंचीं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना की वजह स्कोडा कार का अचानक ब्रेक लगाना था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद हाइवे पर यातायात सामान्य हुआ। फिलहाल पुलिस घायलों के बयान लेकर जांच कर रही है, लेकिन जिस वाहन ने अचानक ब्रेक लगाए उसका पता अभी तक नहीं चला है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें