Site icon Dainik Savera Times

बहादुरगढ़ में फिर दिखा तेज रफ्तार का कहर: कार और ऑटो की भिड़ंत में महिला की मौत, कई घायल

हरियाणा डेस्क: बहादुरगढ़ में एक तेज रफ्तार कार और ऑटो की भिड़ंत से दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बता दें कि यह हादसा दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर स्थित हरदयाल पेट्रोल पंप के पास हुआ। जहाँ एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे ऑटो सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर के बाद पलटा ऑटो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब विकास नगर निवासी कमला देवी एक ऑटो में सवार होकर घर लौट रही थीं। ऑटो चालक सतवीर उन्हें लेकर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सीधे सड़क किनारे पंचर की दुकान में रखे टायरों से जा भिड़ा।

एक की मौत, तीन घायल

हादसे में कमला देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत बहादुरगढ़ के ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत अब स्थिर है और खतरे से बाहर हैं।

कार चालक भी घायल

सूत्रों के मुताबिक, टक्कर मारने वाली कार का चालक भी इस हादसे में घायल हुआ है। उसकी स्थिति के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान कमला देवी के रूप में हुई है, जो लाइनपार क्षेत्र के विकास नगर की निवासी थीं।

Exit mobile version