पंचकूला: भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) की ओर से 19 नवंबर 2026 को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में ऊर्जा संरक्षण को लेकर राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (BEE) के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। इसमें पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के 15.33 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। छात्रों ने अपनी पेंटिंग के जरिए ऊर्जा बचाने और इसके महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
दो विषयों पर आधारित थी प्रतियोगिता
इस साल प्रतियोगिता के दोनों समूहों (ग्रुप-A और ग्रुप-B) के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए थे। इनमें पहला विषय ‘Save Power, Secure the Future’ यानी ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ था। वहीं दूसरा विषय ‘BEE Star Labels Shine, Energy Security is Divine’ यानी ‘बीईई स्टार लेबलों की चमक, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ रखा गया था। स्कूल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में लाखों विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाई। इनमें से 300 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इन छात्रों ने 19 नवंबर को पंचकूला में अपनी चित्रकला का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुने गए 36 छात्र
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के ग्रुप-A और ग्रुप-B से कुल 18-18 विद्यार्थियों का चयन किया गया। इस तरह कुल 36 छात्र दिसंबर 2026 में दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
विजेताओं को मिले 50 हजार रुपये तक के पुरस्कार
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के बीच कड़ा लेकिन दोस्ताना मुकाबला देखने को मिला। दोनों समूहों में तीनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में 50,000 रुपये की राशि दी गई। पंजाब के ग्रुप-A में गुरनूर सिंह और ग्रुप-B में प्रभप्रीत सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। हरियाणा के ग्रुप-A में गौरांश धवन और ग्रुप-B में वियान विजेता रहे। वहीं चंडीगढ़ के ग्रुप-A में पार्थ और ग्रुप-B में हर्ष कांडपाल ने प्रथम पुरस्कार जीता।
इसके अलावा दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियों को 30,000 रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले छात्रों को 20,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। साथ ही तीनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश के दोनों समूहों से कुल 60 विद्यार्थियों को 7,500 रुपये प्रति छात्र के हिसाब से प्रोत्साहन पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम को और खास बनाने के लिए बीबीएमबी डीएवी पब्लिक स्कूल, नंगल टाउनशिप के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर बीबीएमबी के अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके अलावा बोर्ड के कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद रहे।
मनोज त्रिपाठी ने छात्रों को दिया ऊर्जा बचाने का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीबीएमबी अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऊर्जा और जल संरक्षण को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपने रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को ऊर्जा बचाने के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही कहा कि देश को आगे बढ़ाने और समृद्ध बनाने में विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मनोज त्रिपाठी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बीबीएमबी की पूरी टीम के प्रयासों की भी सराहना की। इस आयोजन के जरिए विद्यार्थियों को न केवल अपनी कला दिखाने का मौका मिला, बल्कि ऊर्जा संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश भी दिया गया।

