Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

घरेलू विवाद के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या, चाकू-रॉड से किया हमला… 2 गंभीर घायल

June 25, 2025

घरेलू विवाद के चलते युवक की पीट-पीटकर हत्या, चाकू-रॉड से किया हमला… 2 गंभीर घायल

Bhiwani Domestic Dispute: हरियाणा डेस्क: भिवानी जिले के अलखपुरा गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां ससुराल में चल रहे पारिवारिक विवाद को सुलझाने गए तीन भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया। इस हमले में एक 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मृतक की पहचान गांव खानक निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। घायल हुए अन्य दो व्यक्तियों में एक प्रदीप का भाई मंगल (निवासी खानक) और दूसरा रिश्तेदार राजेश (निवासी पिंजोखरा) शामिल हैं। यह तीनों युवक अपनी बहनों के ससुराल में आपसी झगड़े को सुलझाने के उद्देश्य से मंगलवार रात को अलखपुरा गांव पहुंचे थे।

-घटना के संबंध में घायल मंगल ने बताया कि

वे सिर्फ कपड़े लेने और पारिवारिक मुद्दों को बातचीत से हल करने के लिए गए थे, लेकिन वहां पहले से घात लगाए बैठे ससुराल पक्ष ने लात-घूंसे, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि मंगल और राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में से किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया, जिससे हमलावरों के हौंसले और बढ़ गए। घायल अवस्था में किसी तरह बाहर निकलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बवानीखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिवानी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।

-दोनों पक्षों के बयान दर्ज

इस गंभीर मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। SHO शिव कुमार ने जानकारी दी कि मृतक पक्ष का कहना है कि वे समझौता कराने गए थे, जबकि ससुराल पक्ष ने आरोप लगाया कि वे हमला करने की नीयत से घर में घुसे थे। पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

-पुलिस की जांच जारी

शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना पारिवारिक विवादों की भयावह परिणति को उजागर करती है और यह सवाल खड़ा करती है कि समाज में संवाद की जगह हिंसा कैसे ले रही है। पुलिस अब इस मामले में सबूतों के आधार पर न्याय की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें