Site icon Dainik Savera Times

बवानीखेड़ा के पास धुंध में चार वाहनों की भिड़ंत, अवैध कट बने हादसों की वजह

Four vehicles damaged in fog-related accident

Four vehicles damaged in fog-related accident

हांसी–भिवानी फोरलेन पर कस्बा बवानीखेड़ा के नजदीक रविवार सुबह घने कोहरे के चलते बड़ा सड़क हादसा हो गया। सर्विस लेन के पास बने एक अवैध कट पर एक के बाद एक चार वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक कार सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स से जा टकराई, जबकि दूसरी गाड़ी बैरिकेड्स को तोड़ते हुए निर्माणाधीन ओवरब्रिज के क्षेत्र में पहुंच गई। इसके पीछे आ रही तीसरी गाड़ी भी उससे जा भिड़ी, वहीं चौथा वाहन सामने से क्षतिग्रस्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की कमी और अवैध कट को बंद न करना हादसे की बड़ी वजह है। लोगों ने संबंधित विभागों पर लापरवाही के आरोप लगाए। इसी दौरान मौके से गुजर रहे पुलिस पेट्रोलिंग वाहन ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटवाया और दुर्घटना संभावित स्थान पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने की व्यवस्था करवाई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, धुंध के मौसम में बवानीखेड़ा क्षेत्र में यह इस वर्ष का सबसे बड़ा हादसा है। हालांकि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन चारों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि कस्बा बवानीखेड़ा और आसपास के फोरलेन हिस्से में चार से पांच ऐसे स्थान हैं, जिन्हें हादसा संभावित माना जाता है, लेकिन धुंध शुरू होने से पहले अब तक वहां कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं।

Exit mobile version