Site icon Dainik Savera Times

भिवानी में लाठी–डंडों से महिला की पीट–पीटकर हत्या, पति गंभीर रूप से घायल

भिवानी (हरियाणा)। भिवानी जिले के गांव ईश्वरवाल में गुरुवार रात एक महिला की पीट–पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद के चलते 7 से 8 लोगों ने मिलकर दंपत्ति पर लाठी–डंडों से हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है।

मृतका की पहचान 52 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है, जबकि घायल पति का नाम 56 वर्षीय दलबीर बताया जा रहा है। दोनों गांव ईश्वरवाल में तोशाम रोड स्थित अपने खेत के कमरे में सो रहे थे, तभी हमला हुआ।

हमले की रात की पूरी घटना

गुरुवार की रात सुनीता और दलबीर कमरे में सो रहे थे। तभी अचानक उनके कमरे में घुसकर दलबीर के सगे भाई धमबीर के पोते रविन्द्र (पुत्र कपूर सिंह) और रमन (पुत्र बिल्लू) ने लाठी–डंडों से हमला बोल दिया।
हमले में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि दलबीर का इलाज जारी है।

आपसी रंजिश बनी हमले की वजह

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, परिवार में पुरानी रंजिश और संपत्ति विवाद को लेकर झगड़ा चल रहा था। इसी को लेकर दोनों पक्षों में पहले भी तनातनी हो चुकी थी, जो गुरुवार की रात जानलेवा हमला बन गई।

पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version