कुरुक्षेत्र: भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बुधवार दोपहर एंटी करप्शन ब्यूरो अम्बाला ने शाहाबाद तहसील कार्यालय में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने पटवारी मनोज कुमार और उसके सहायक संदीप कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर पवन कुमार ने किया। जानकारी के अनुसार, तंगौर गांव निवासी संदीप कुमार ने शिकायत दी थी कि शाहाबाद तहसील में तैनात पटवारी मनोज कुमार और उसका सहायक, उनकी 5 कनाल 18 मरले जमीन विरासत का इंतकाल करने के बदले 2,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने पहले ही 500 रुपये सहायक को दे दिए थे और शेष 1,500 रुपये पटवारी को देने थे। शिकायत की सत्यता जांचने के लिए एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। टीम ने संदीप कुमार को 500-500 रुपये के तीन नोट दिए, जिन पर विशेष केमिकल युक्त रंग लगाया गया था। जैसे ही संदीप ने पटवारी मनोज कुमार को 1,500 रुपये दिए, टीम ने तुरंत दबिश दी और दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पटवारी से 1,500 रुपये और सहायक से पहले ली गई 500 रुपये की रिश्वत की रकम बरामद हुई।
इसके बाद दोनों आरोपियों के हाथों को विशेष केमिकल में डाला गया, जिससे रंग लगे नोटों का रंग उनके हाथों पर फैल गया और रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। इंस्पेक्टर पवन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए अम्बाला ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग भ्रष्टाचार के मामलों में पूरी सख्ती से काम कर रहा है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की शिकायतें मिलने पर विभाग तुरंत कार्रवाई करता है, ताकि प्रशासनिक पारदर्शिता बनी रहे और आम जनता को न्याय मिल सके।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान के बयान से बढ़ा तनाव, इजराइल को ‘कैंसर’ कहने पर बवाल
मेष: दिन शुभ रहेगा...