रोहतक: हरियाणा के रोहतक रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज घटना घटी, जब एक व्यक्ति ने महिला को गोली मार दी और फिर ट्रेन में चढ़कर भागने की कोशिश की। हालांकि, स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसकी बंदूक छीन ली।
घायल महिला की पीठ में गोली लगी है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला को गोली मारने वाला व्यक्ति रिटायर्ड फौजी था, जिसने अपनी दोनाली बंदूक से गोली चलाई। हालांकि दैनिक सवेरा इसकी पुष्टि नहीं करता
घटना से पहले पुलिसकर्मियों से बात करता रहा आरोपी
घटना से कुछ देर पहले, आरोपी प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़े पुलिसकर्मियों से भी बात कर रहा था। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि क्या आरोपी का पुलिसकर्मियों से कोई संबंध था या वह पहले से योजनाबद्ध तरीके से हमला करने आया था।
लोगों के शोर मचाने पर पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई
गोली चलाने के बाद, आरोपी ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों के शोर मचाने पर स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी बंदूक छीन ली। पुलिस ने आरोपी को अस्थायी हिरासत में लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखें :- इस क्रिकेटर ने छोड़ी कप्तानी, T20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद फैसला

