भिवानी में सड़क हादसे के दौरान एक दंपत्ति दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में महिला की मौत हो गई। वहीं व्यक्ति उपचाराधीन है। हादसा तेज रफ्तार ट्रक द्वारा टक्कर मारने से हुआ था। जिसके बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दंपत्ति को पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिलने के बाद पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अस्पताल में भर्ती होने के बाद प्राथमिक उपचार के बाद महिला को रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। व्यक्ति को हांसी के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उपचारा के दौरान महिला ने रोहतक पीजीआई में दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान चरखी दादरी के गांव जगरामबास निवासी सोनिया देवी के रूप में हुई है। जिसके पति सत्यवान ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी सहित बाइक पर सवार हो गांव कापड़ो स्थित ससुराल जा रहा था। जैसे ही वह गांव कैरू से थोड़ी दौर निकले उन्हें तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
ट्रक चालक बड़ी ही लापवाही से और तेज गति से चला आ रहा था। जिसने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। जिसके बाद बाइक का संतुलन बिगड़ा और दोनों सड़क कर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। उपचारा के दौरान उसे अपनी पत्नी की मृत्यु की सूचना मिली।
कैरू थाना पुलिस ने सत्यवान की शिकायत के आधार पर लापरवाह ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जाने की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी ट्रक चालक की पहचान में जुटी है।

