BJP-Congress politics on railway tracks : रोहतक। हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ से पहले सियासी पटरियां गर्म हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद से हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच इसका श्रेय लेने की होड़ मच गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया कि जिस रेलवे लाइन पर यह ट्रेन दौड़ेगी, उसका निर्माण कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ था।
बताना चाहिए, किसने बनवाई लाइन : हुड्डा
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के जींद दौरे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन चलाना अच्छी बात है, लेकिन भाजपा को ये भी बताना चाहिए कि जिस रेलवे लाइन पर ये ट्रेन चलेगी, वो किसने बनवाई। सोनीपत से जींद वाया गोहाना, रेलवे लाइन की स्थापना कांग्रेस सरकार ने की थी। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री हरियाणा आ रहे हैं तो कांग्रेस की मांग है कि वे हरियाणा के पानी पर फैसला करवाकर जाएं क्योंकि सुप्रीम कोर्ट से एसवाईएल को लेकर फैसला बरसों पहले फैसला आ चुका है, लेकिन आज तक केंद्र सरकार ने उसे लागू नहीं करवाया और हरियाणा को पानी नहीं दिलाया।
चानौत पानी का मुद्दा भी उठाया
उन्होंने हांसी जिले के चानौत गांव में पानी के लिए चल रहे आंदोलन का मुद्दा एक बार फिर उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गांववालों के साथ धोखा किया है क्योंकि बाकायदा प्रशासन की मौजूदगी में गांव के लिए सरकार के आदमी ने टी लगाई थी, लेकिन उसको भी बाद में उखाड़ दिया गया और टी को अवैध बताया गया। लेकिन आज तक सरकार इस सवाल का जवाब नहीं दे पाई है कि अगर टी अवैध थी और उसे लगाने का फैसला सरकार का नहीं था, तो टी लगवाते हुए प्रशासन मौके पर क्यों मौजूद था, वो उस समय मूकदर्शक क्यों बना रहा।
Also Read :

