Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर पायी बीजेपी सरकार: अनुराग ढांडा

March 3, 2024

हरियाणा में उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर पायी बीजेपी सरकार: अनुराग ढांडा

हिसार: आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने रविवार को जिला कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि हिसार में आम आदमी पार्टी के नए चैप्टर की शुरूआत हो चुकी है। जैसे जैसे पार्टी का विस्तार होता है वैसे वैसे जिला और ब्लॉक स्तर पर पार्टी के कार्यालय खुलते जाते हैं। उनके साथ दलबीर किरमारा, पवन फौजी, संजय बूरा, उमेश शर्मा, राजेंद्र सोरखी, भूपेंद्र बेनीवाल, सीपी गुप्ता और सतबीर झजडिया मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा में तेजी से विस्तार कर रही है ये उसकी पहचान है।

उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से प्रदेश के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। खट्टर सरकार बिना गिरदावरी किए ही किसानों को मुआवजा राशि जारी करे। प्रदेश में सरसों की फसल पककर कटाई के लिए तैयार खड़ी थी। वहीं गेहूं की फसल में बालियां आ चुकी हैं। किसानों ने 4 महीने से गेहूं और सरसों की फसल को दिन-रात कड़ी मेहनत करके सींचा है। इस बेमौसमी बारिश और भयंकर ओलावृष्टि ने गेहूं, सरसों और सब्जियों का बहुत नुकसान किया है।

उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से बर्बाद फसल खेतों में बिछी पड़ी है। किसान की उम्मीदें रबी की फसल पर ही टिकी होती हैं क्योंकि खरीफ की फसल से तो खर्चा भी मुश्किल से निकलता है। इस कारण किसानों को फसल नुकसान की भरपाई नहीं हो पाएगी। वहीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खट्टर का 29 फरवरी तक 29 हजार पदों के नतीजों का वादा एक बार फिर जुमला साबित हुआ। विधानसभा के पटल पर बोली गई बात भी झूठी निकली। प्रदेश की जनता चुनावों में मुख्यमंत्री के झूठे वादों का बदला लेने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि जब से इंडिया गठबंधन बना है भाजपा के हाथ पैर फूल गए हैं। इन्होंने कल 195 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की, लेकिन हरियाणा की एक भी सीट पर घोषणा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। इसलिए पीएम मोदी चाहते थे कि किसी भी क़ीमत पर इंडिया गठबंधन नहीं होना चाहिए और ईडी व सीबीआई से धमकियां दिलवाते थे। लेकिन आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देश को ध्यान में रखकर और व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर इंडिया गठबंधन से जुड़ना तय किया। ये उसी का परिणाम है कि आज के दिन में हरियाणा में इंडिया गठबंधन बहुत मजबूत है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को इंडिया गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट मिली है। जिस पर हमारी बहुत मजबूत तैयारी है और कुरुक्षेत्र अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। आम आदमी पार्टी कुरुक्षेत्र से ही हरियाणा में जीत की शुरूआत करेगी और हरियाणा में इंडिया सभी 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा को हराएगा। हरियाणा में भाजपा डरी हुई है इसलिए भाजपा की हिम्मत नहीं हो पा रही की वो अपने हरियाणा के अध्यक्ष नायब सैनी को ही मैदान में उतार दें। हरियाणा में न केवल जोरदार मुकाबला होगा बल्कि भाजपा को पटखनी मिलेगी। क्योंकि जो अत्याचार भाजपा ने हरियाणा की जनता पर किया है उसका जवाब जनता चुनाव में अपने वोट से देगी।

उन्होंने कहा कि लोग भाजपा की टिकट छोड़कर भाग रहे हैं और भाजपा भी बड़े पैमाने पर अपने सांसदों की टिकट बदल रही है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन देश को बचाने के लिए बना है। क्योंकि भाजपा ने लोगों के छह मौलिक अधिकारों में से दो अधिकारों को छीन लिया जिस पर आजादी टिकी हुई है। एक प्रदर्शन का अधिकार और दूसरा कहीं भी आने जाने का अधिकार जोकि इन्होंने रास्ते में दीवारें और किले लगा दी। इसका मतलब ये हमारी आजादी और संविधान छीन रहे हैं। अब देश की जनता समझ चुकी है कि देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए ही इंडिया गठबंधन बना है। क्योंकि उनका इंडिया गठबंधन को गया एक एक वोट देश को तानाशाही से बचाने के लिए होगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें