Site icon Dainik Savera Times

करनाल में पुलिस सुरक्षा लेने के लिए भाजपा नेता ने खुद रची धमकी की पटकथा

करनाल : करनाल में भाजपा नेता एवं पूर्व डिप्टी स्पीकर स्वर्गीय चौधरी वेद पाल के बेटे विजयपाल से 50 लाख की फिरौती मांगने और बम से उडाने की धमकी का मामला फर्जी निकला। पुलिस की जांच में सामने आया है कि भाजपा नेता ने पुलिस सुरक्षा लेने के लिए यह पूरा हाई वोल्टेज ड्रामा रचा। विजय पाल ने खुद यह प्लान तैयार किया। सुरक्षा हासिल करने के उद्देश्य से धमकी भरी कॉल की पूरी पटकथा पहले से तैयार की गई थी।

इतना ही नहीं कॉल आने से पहले ही वीडियो रिकॉर्डिंग की तैयारी कर ली गई और एक मनोनीत पार्षद को गवाह बनाया गया। कॉल आते ही वीडियो रिकॉर्डिंग कर इसे पुलिस को सौंपा और सुरक्षा की मांग कर डाली। मामला गर्माया तो करनाल के मनोनित पार्षद विशेष शर्मा ने इस सनसनीखेज मामले की पोल खोल दी। बुधवार को एमसी ने पुलिस के सामने बयान दर्ज करवाए।
मनोनीत पार्षद विशेष वर्मा ने पुलिस को बताया कि जब पाकिस्तान के नंबर से फोन आया तो वह विजय पाल के पास बैठे थे। विजय ने उन्हें कहा कि अभी पाकिस्तान के नंबर से कॉल आएगी। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग करनी है। कुछ ही देर में कॉल आ गई।

फोन पर सामने वाले ने धमकी देनी शुरू कर दिया। विशेष शर्मा ने ने बताया कि विजय पाल को पहले से ही कॉल आने की जानकारी थी। उन्हें इस साजिश के बारे में नहीं पता था। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। जिस घटना को पहले गंभीर सुरक्षा खतरे के तौर पर देखा जा रहा था, अब वही मामला फर्जी धमकी, साजिश और पुलिस सुरक्षा पाने की कोशिश के रूप में चर्चा का विषय बन गया है। सिविल लाइन करनाल के एसएचओ रामलाल ने बताया कि धमकी का मामला फर्जी निकला है। एमसी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की तफ्तीश की जा रही है।

Exit mobile version