Last Updated: October 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

आप की बदलाव यात्रा से डरी BJP, हर भ्रष्टाचारी का आम लोगों से डरना जरूरी: अनुराग ढांडा

December 19, 2023

आप की बदलाव यात्रा से डरी BJP, हर भ्रष्टाचारी का आम लोगों से डरना जरूरी: अनुराग ढांडा

सांपला/रोहतक : आम आदमी पार्टी की 10 दिवसीय प्रदेश स्तरीय बदलाव यात्रा के पांचवें दिन आप वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने यात्रा शुरू करने से पहले चौधरी छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा को जबरदस्त जन समर्थन मिल रहा है। इसलिए भाजपा सरकार बोखलाई हुई है, भाजपा ने बयान कह रही है कि आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा से न जुड़ें। ये बताता है भाजपा बदलाव यात्रा से डरी हुई है। ये डर जायज है क्योंकि हर भ्रष्टाचारी को आम लोगों से डरना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पिछले नौ साल के राज में हरियाणा अपराध का प्रदेश बन गया है। खुलेआम पलवल में फायरिंग, गुरुग्राम में मुठभेड़ और जगह जगह हत्याएं व दुष्कर्म की वारदात होती हैं। हरियाणा में प्रतिदिन 5-6 दुष्कर्म के मामले हुए हैं। भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था की हालत खराब है। उन्होंने कहा आंकड़े बताते हैं कि इस साल हरियाणा में अभी तक 974 मर्डर हुए हैं, 1700 केस दुष्कर्म के, 139 केस सामूहिक दुष्कर्म के, 3871 केस किडनैपिंग के, 271 केस डकैती के और क्राइम अगेंस्ट वूमेन के 10946 केस हुए हैं। भाजपा सरकार शासन ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, इसलिए अब बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 25 साल कांग्रेस और 9 साल भाजपा ने राज किया। लेकिन आज तक प्रदेश के लोग मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में 2 लाख सरकारी पद खाली हैं। लेकिन हरियाणा सरकार युवाओं को इजराइल मरने के लिए भेजना चाहती है, जहां युद्ध चल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां विपक्ष को विधानसभा में मजबूत आवाज उठानी चाहिए थी। वहीं भूपेंद्र हुड्डा और सीएम खट्टर आपस में शेरो शायरी कर रहे हैं। इसका मतलब भाजपा और कांग्रेस के नेता आपस में मिले हुए हैं। अब इस गठजोड़ को तोड़ने का समय आ गया है। आम आदमी पार्टी की बदलाव यात्रा गढ़ी सांपला किलाई विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक समीकरण बदलेगी। भूपेंद्र हुड्डा के खास लोगों ने इस पूरे हल्के को लूटा है, यहां से नौकरियों के नाम पर खूब पैसा लूटा गया। लेकिन इस इलाके को कभी कुछ नहीं मिला। अब गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र भी बदलाव को चुनेगा।

उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियां राजनीति करने के लिए यात्राएं निकाल रहे हैं, क्योंकि इन्होंने अपने कार्यकाल में कुछ नहीं किया। लेकिन आम आदमी पार्टी व्यवस्था बदलाव के लिए यात्रा निकाल रही है। ताकि स्कूल-अस्पताल अच्छे हों और 24 घंटे मुफ्त बिजली व मुफ्त पानी मिले। उन्होंने कहा कि पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में सरकार बनते ही टोल टैक्स हटाए जाएंगे और 2 लाख खादी पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मजबूत संगठन हरियाणा में बन चुका है। हर गांव में 21-21 सदस्यों की कमेटी बना चुके हैं। इसी संगठन के बूते 2024 में हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। हरियाणा की माटी का लाल देश के शीर्ष पद पर पहुंचे इसलिए लोग अरविंद केजरीवाल का साथ दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बदलाव यात्रा के बाद आम आदमी पार्टी जनवरी में हरियाणा के इतिहास की सबसे बड़ी रैली करेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें