भूना : शहर में गैंगवार की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार रात करीब 10 बजे भांभू गैंग के बदमाशों ने वार्ड नंबर 5 निवासी 23 वर्षीय युवक सचिन उर्फ चीना का अपहरण कर हिसार रोड पर तेजधार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। बदमाशों ने पहले युवक के हाथ-पांव तोड़े, फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। मृतक के चाचा कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सचिन राजकीय महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था।
कॉलेज में कुछ युवकों से मामूली कहासुनी के बाद उसकी पढ़ाई छुड़वाकर गुरुग्राम की फैक्ट्री में नौकरी लगवा दी थी। 27 मई को वह अपने भतीजे के जन्मोत्सव में शामिल होने भूना आया था। कार्यक्रम के बाद वह दो दिन में वापस गुरुग्राम जाने वाला था। मंगलवार रात करीब 10 बजे सचिन अपने साथी पवन कुमार के साथ मोटरसाइकिल से शहीद उधम सिंह चौक से घर लौट रहा था। तभी भांभू गैंग के गुर्गों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। प्राचीन शिव मंदिर से थोड़ा आगे बदमाशों ने आगे से मोटरसाइकिल अड़ाकर दोनों को गिरा दिया।
पवन कुमार मौके से भाग निकला, लेकिन बदमाश सचिन का अपहरण कर ले गए। पवन ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिवार ने पुलिस को बताया और खुद भी तलाश में जुट गया। कुछ देर बाद सचिन लहूलुहान हालत में हिसार रोड पर हनुमान मंदिर के पास सड़क पर पड़ा मिला। एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नर सिंह बिश्नोई व एसपी नीतिका खट्टर को अवगत कराया गया। डीएसपी ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने चाचा कृष्ण कुमार की शिकायत पर भांभू गैंग के जगजीत उर्फ जज, कुशाल, अमन, सौरभ, प्रवीण, पिन्नी, दीपक उर्फ बिल्ला, चिड़ीमार, कार्तिक, सुरजी समेत 10 नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ अपहरण व हत्या सहित बीएनएस की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया है।

