थानेसर : कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में ढोला माजरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मिले किशोर के शव की पहचान मदनपुरा निवासी 17 वर्षीय अनुराग के रूप में हुई है। अनुराग 12वीं कक्षा का छात्र था और अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, अनुराग बुधवार सुबह स्कूल गया था, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुरुवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर एक किशोर का शव मिलने की सूचना जीआरपी को मिली। ट्रेन की चपेट में आने से शव की हालत काफी खराब थी, जिसके चलते मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी।
स्कूल की वर्दी से हुई पहचान
घटनास्थल के पास सफेद कमीज और नीली पैंट सहित स्कूल यूनिफॉर्म मिली थी। इसके अलावा वहां दो चाबियां भी बरामद हुईं। शुक्रवार सुबह परिजन एलएनजेपी नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने वर्दी के आधार पर शव की पहचान अनुराग के रूप में की।
चाबियां मिलने के बाद जीआरपी ने आसपास के करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में स्कूटी की तलाश की, लेकिन वाहन का पता नहीं चल पाया।
पोस्टमार्टम के बाद जांच जारी
जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम दो डॉक्टरों के पैनल से करवाया। मामले में इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस जांच कर रही है कि अनुराग रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और ट्रेन की चपेट में आने की घटना कैसे हुई। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

