बापौली: जिला शामली, कांधला निवासी दो सगे भाई रविवार को कुरुक्षेत्र से पानीपत के रास्ते यूपर के कैराना जा रहे थे। आरोप है कि हरियाणा पुलिस के तीन कॉन्स्टेबल ने दोनों भाइयों के साथ मारपीट की। दोनो भाइयों से रुपए छीनने का भी आरोप है। मारपीट के दौरान 22 वर्षीय कांधला निवासी विजय रात में ही लापता हो गया था। सोमवार सुबह विजय का शव सनौली पुलिस चौकी के पास यमुना पुल के नीचे मिला। परिजनों का आरोप है की हरियाणा पुलिस ने विजय की हत्या कर दी। पुलिस ने ऑटो से नीचे उतारकर दोनों भाईयों को पीटा। मिली जानकारी के अनुसार कांधला, यूपी निवासी अजय और विजय दो भाई कैटरिंग का काम करते थे। रविवार की शाम दोनों भाई कुरुक्षेत्र से कांधला आ रहे थे।
पानीपत से दोनों भाई टेंपो में बैठ गए। अजय ने बताया कि सनौली क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास दोनों भाई टेंपो में सवार थे। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि हरियाणा के सनौली थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा पर सनौली थाने के एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने उनको टेंपो से उतार कर मारपीट की। बाद में टेंपो जैसे ही यमुना पुल पर सनौली पुलिस से नाके पर पहुंचा तो सनौली थाने के तीन कांस्टेबलों ने उसे और उसके भाई को टेंपो से नीचे उतार लिया। इसके बाद दोनों के साथ बुरी तरह मारपीट की। अजय ने बताया कि उसे सनौली पुलिस चौकी में बंद कर दिया जबकि उसकेभाई विजय के पीछे तीनों पुलिस वाले भागे। अजय ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने उससे15 हजार रुपए छीन लिए। पुलिस कर्मियों ने फोन करके उसके पिता अजब सिंह को भी बुला लिया और उससे भी रुपए लिए। जब उसने पुलिसकर्मियों से अपने भाई विजय के बारे में पूछा तो पुलिस ने बताया कि वह भाग गया।
पूरी रात विजय का पता नहीं चला। वहीं सोमवार की सुबह सनौली पुलिस चौकी के पास यमुना पुल से नीचे विजय का शव मिला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और हरियाणा पुलिस पर आरोप लगाया कि विजय को पुल से नीचे धक्का देकर मार दिया। महिलाओं ने सडक पर बैठकर जाम लगा दिया। वहीं डीएसपी नरेंद्र कुमार का कहना है कि दोनों भाईयों को कल युवती से छेड़छाड़ के आरोप में पकड़ा था। आज एक युवक का शव मिला है। परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाए है। ये पूरा क्षेत्र सीसीटीवी निगरानी में है। फु टेज चेक की जाएगी। अगर पुलिसकर्मियों ने मारपीट की है, तो उनपर कार्रवाई करने में कोई संकोच नहीं किया जाएगा।

