Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

रात को लापता हुआ सेवानिवृत कर्मी का रेलवे ट्रैक पर मिला शव

June 16, 2026

रात को लापता हुआ सेवानिवृत कर्मी का रेलवे ट्रैक पर मिला शव

यमुनानगर : रेलवे ट्रैक के पास रेलवे से रिटायर्ड एक कर्मचारी का शव मिला है। वह सोमवार रात से लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। सुबह उनके बेटे ने रेलवे ट्रैक के पास शव पड़ा देखा, जिसके बाद मामले की सूचना रेलवे पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय विनोद कुमार निवासी विष्णु नगर के रूप में हुई है। वह रेलवे की मैकेनिकल शाखा से सेवानिवृत्त थे और अपने पीछे 2 बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। सूचना मिलने पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

मृतक के भाई कमल किशोर ने बताया कि विनोद कुमार लंबे समय से शुगर की बीमारी से पीडि़त थे। वह रोजाना रात का खाना खाने के बाद सैर करने के लिए घर से निकलते थे। सोमवार रात करीब 8 बजे भी वह भोजन करने के बाद टहलने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह उनका बेटा कोमल रोजाना की तरह चिंटियों को आटा डालने के लिए रेलवे ट्रैक के पास पहुंचा।

वहां उसने देखा कि उसके पिता का शव विष्णु नगर रेलवे पुल के निकट ट्रैक के पास पड़ा हुआ है। शव पर टांग और कंधे के पास गहरी चोटों के निशान थे। बेटे ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे स्टेशन अधिकारियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। जीआरपी थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार विनोद कुमार गंभीर रूप से शुगर की बीमारी से ग्रस्त थे। आशंका है कि रात के समय वह किसी कारणवश रेलवे ट्रैक के निकट पहुंच गए और ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें