Site icon Dainik Savera Times

श्रद्धालुओं से भरा कैंटर बिजली तारों से टकराया, 20 से ज्यादा झुलसे

Canter carrying pilgrims hits power lines : करनाल। घरौंडा में रात के समय बड़ा हादसा हो गया। तेलु सिंह कॉलोनी में श्रद्धालुओं से भरा कैंटर 11 हजार वोल्ट की बिजली की तारों की चपेट में आ गया। करंट फैलने के बाद कैंटर में आग लग गई, जिससे 20 से अधिक महिला और पुरुष झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

कैंटर में करीब 50 से 60 श्रद्धालु सवार थे। सभी लोग घरौंडा से राजस्थान के बागड़ धाम जाने के लिए निकले थे। सवारियों को बैठाने के लिए कैंटर के ऊपर लोहे की पाइप और रेक लगाकर जगह बनाई गई थी। इससे गाड़ी की ऊंचाई करीब 3 फीट बढ़ गई थी। कैंटर जैसे ही तेलु सिंह कॉलोनी में आगे बढ़ा, उसका ऊपरी हिस्सा बिजली की 11 हजार वोल्ट की तारों से टकरा गया। इसके बाद गाड़ी में करंट फैल गया और आग लग गई। कुछ ही पलों में कैंटर में चीख-पुकार मच गई। कैंटर में आग और करंट फैलते ही श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग जान बचाने के लिए गाड़ी से नीचे कूदने लगे। वहां मौजूद लोगों के अनुसार, कुछ लोगों ने अपने बच्चों को भी कैंटर से बाहर निकालकर सुरक्षित करने की कोशिश की। कैंटर से उठती आग की लपटें और लोगों की चीखें सुनकर आसपास के कॉलोनीवासी मौके पर पहुंचे। वहां के लोगों ने घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे के बाद करीब दो दर्जन घायलों को इलाज के लिए घरौंडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, कई लोगों को करंट लगने से झुलसने की चोटें आई थीं, जबकि कुछ लोग गाड़ी से कूदने के कारण घायल हुए। अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद गंभीर हालत वाले 7 मरीजों को करनाल रेफर किया गया। कुछ घायल अपने स्तर पर दूसरे अस्पतालों में भी इलाज के लिए चले गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कैंटर की ऊंचाई बढ़ाए जाने के कारण ये हादसा हुआ। ऊपर लगी लोहे की पाइप बिजली की तारों के संपर्क में आ गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Exit mobile version