Dainik Savera Times

कार और बस की टक्कर, कार चालक की मौत, 6 घायल

Car-bus collision; car driver dies : ​करनाल। करनाल-असंध मार्ग पर जुंडला के समीप एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। ओवरटेक करने के प्रयास में एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस और स्विफ्ट कार के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह बस के नीचे फंस गई। इस दर्दनाक हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 6 यात्री घायल हो गए हैं।

​ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्राइवेट बस करनाल की ओर से असंध की तरफ जा रही थी। अचानक ओवरटेक करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही स्विफ्ट कार से जा टकराई। ​बस की रफ्तार तेज होने के कारण कार उसके नीचे दब गई। ​घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। ​कार में फंसे चालक को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। ​दुर्घटना के प्रभाव से दोनों वाहन सड़क से नीचे उतर गए।

​घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

​हादसे में घायल हुई बस की आधा दर्जन सवारियों को राहगीरों और पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि करनाल से असंध की तरफ जा रही प्राइवेट बस और सामने से आ रही स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई है। ​पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की आगामी कानूनी जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version