Celebrates Navratri with Grand ‘Rangtaali’ Dandiya Night : महेंद्रगढ़। आरपीएस स्कूल में नवरात्रि के उपलक्ष्य में भव्य डांडिया नाइट ‘रंगताली’ का आयोजन किया गया। गुजराती गीतों, गरबा और डांडिया की खनक के बीच शिक्षकों व अतिथियों ने उत्सव का आनंद लिया। प्रो. पायल चंदेल मुख्य अतिथि रहीं, जबकि डॉ. पवित्रा राव ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
देर शाम तक चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में गुजराती गीतों की मधुर धुनों, डांडिया की खनक और पारंपरिक परिधानों ने उत्सव के माहौल को जीवंत बना दिया। दूधिया रोशनी से सजे पंडाल में शिक्षकों, प्रशासनिक स्टाफ और अतिथियों ने गरबा व डांडिया की धुनों पर जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रोफेसर पायल चंदेल ने शिरकत की। नगर पालिका की वाइस चेयरमैन मंजू कौशिक, पूर्व चेयरमैन रीना गर्ग और प्रोफेसर रेनू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आरपीएस ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव ने की। अतिथियों का स्वागत चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव और विद्यालय के प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने किया। इसके बाद अतिथियों ने मां अम्बे के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि प्रो. पायल चंदेल ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से युवाओं व भावी पीढ़ी को जोड़ने में मील का पत्थर साबित होते हैं। उत्सवों के माध्यम से बच्चों में ऊर्जा, टीम भावना और अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति जुड़ाव विकसित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों और स्टाफ की रचनात्मकता की सराहना की।
आरपीएस ग्रुप की चेयरपर्सन डॉ. पवित्रा राव ने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक संवर्धन का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन जीवन में सकारात्मकता और नए उत्साह का संचार करते हैं। ग्रुप के सीईओ इंजीनियर मनीष राव ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें लोककला और परंपराओं को करीब से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। डिप्टी सीईओ कुनाल राव ने कहा कि एकजुटता, अनुशासन और कलात्मकता का संगम ही आरपीएस ग्रुप की वास्तविक पहचान और शक्ति है।
कार्यक्रम में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। गरबा क्वीन ऑफ द नाइट का खिताब शिवानी और वर्षा को मिला, जबकि द डांडिया मेस्ट्रो का टाइटल पलक अग्रवाल और मोनिका दीवान ने हासिल किया। द कलरफुल पर्सनालिटी का खिताब पूनम शर्मा और किरण को दिया गया। वहीं, द ट्रेडिशनल एलिगेंस अवार्ड पूनम और कविता के नाम रहा। समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. किशोर तिवारी ने अतिथियों, प्रबंधन समिति, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता का श्रेय पूरी टीम आरपीएस के समर्पण, बेहतर तालमेल और मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन परंपराओं को जीवंत रखने के साथ आपसी भाईचारे और सामूहिक ऊर्जा को भी बढ़ावा देते हैं।

