Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

चरखी दादरी: सड़क हादसा या हत्या? अटेला खुर्द में डंपर चालक की संदिग्ध मौत

September 29, 2025

चरखी दादरी: सड़क हादसा या हत्या? अटेला खुर्द में डंपर चालक की संदिग्ध मौत

चरखी दादरी। अटेला खुर्द गांव में शनिवार देर शाम सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान डंपर चालक जितेंद्र उर्फ मुन्ना (26) के रूप में हुई है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, वहीं परिजनों ने इसे दुर्घटना मानने से साफ इनकार कर हत्या की आशंका जताई है।

सूचना के मुताबिक, शव सबसे पहले गांव के सरपंच को दिखाई दिया। इसके बाद परिजनों को खबर दी गई। परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो पुलिस भी वहां मौजूद थी। शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल दादरी भेजा गया, जहां रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया।

जितेंद्र के छोटे भाई सन्नीपाल के बयान दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अटेला खुर्द निवासी ट्रक चालक नरेंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं, जिनमें साफ दिख रहा है कि ट्रक गुजरने से पहले सड़क पर कोई शव नहीं था। इसी आधार पर परिवार का आरोप है कि जितेंद्र की पहले हत्या की गई और बाद में ट्रक से कुचलकर हादसा दिखाने की साजिश रची गई।

परिजनों के मुताबिक, जितेंद्र रोजाना की तरह शनिवार सुबह काम पर निकला था और शाम तक घर नहीं लौटा। छह साल पहले पिता की मृत्यु के बाद से ही परिवार की सारी जिम्मेदारी उसी पर थी। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और गांव के क्रशर जोन में डंपर चलाता था।

जांच अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि फिलहाल मामला एक्सीडेंट के तौर पर दर्ज किया गया है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें