Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, पूर्व अध्यक्ष का हुआ निधन, नेताओं ने व्यक्त किया दुख

Chaudhary Phool Chand Mulana

Chaudhary Phool Chand Mulana

Chaudhary Phool Chand Mulana: हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूल चंद मुलाना का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे 85 साल के थे और किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनके निधन पर नेताओं ने दुख जताया है।

हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “हमारे अजीज साथी, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं हमारी कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे चौ. फूल चंद मुलाना के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत आहत हूं। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनके जाने से मुझे निजी क्षति हुई है और मैंने अपना एक अनमोल व कर्मठ सहयोगी खो दिया है। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने का संबल प्रदान करें।”

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी फूलचंद मुलाना के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। उनका निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी गहरी संवेदनाएं उनके पुत्र एवं सांसद वरुण चौधरी सहित समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल प्रदान करें।”

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व मंत्री, फूल चंद मुलाना के निधन की खबर से दिल व्यथित है। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के लिए ये भारी क्षति है। समाज के वंचितों के लिए उनका योगदान सदा स्मरण किया जाएगा।”

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक्स पोस्ट में लिखा, “हमारे प्रधान जी हमसे दूर चले गए! हमारे परिवार के बड़े, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौ. फूल चंद मुलाना के निधन की खबर दुखद है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सादगी के साथ जनसेवा में समर्पित कर दिया। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को सदैव याद किया जाएगा।उनके जाने से एक अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिवारजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”

अचानक बिगड़ी तबीयत
बता दें कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद चौधरी फूलचंद मुलाना पंचकूला स्थित अपने घर पर थे। शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह करीब 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। आज उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए अंबाला लाया जाएगा।

सबसे लंबे समय तक रहे प्रदेशाध्यक्ष
फूल चंद मुलाना हरियाणा कांग्रेस में सबसे लंबे समय तक प्रदेशाध्यक्ष रहे। उन्होंने करीब साढ़े 6 साल तक पार्टी की कमान संभाली। वे मुलाना विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे। उनके बेटे वरुण चौधरी अंबाला से कांग्रेस सांसद हैं, जबकि बहू पूजा चौधरी मुलाना से विधायक हैं। वरुण चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पिता के निधन की जानकारी दी।

Exit mobile version