Site icon Dainik Savera Times

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण चौकीदारों को दिया दिवाली का तोहफा; मासिक मानदेय में की वृद्धि

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस और दीपावली के अवसर पर प्रदेश के ग्रामीण चौकीदारों को तोहफा देते हुए उनके मासिक मानदेय को 11 हजार से बढ़ाकर 15 हजार 221 रुपये करने की घोषणा की। इससे प्रत्येक चौकीदार को हर महीने 4 हजार 221 रुपये अधिक मिलेंगे। जिससे प्रतिवर्ष उसे 50 हजार रुपये से भी अधिक का फायदा होगा। वर्ष 2014 में ग्रामीण चौकीदारों का मानदेय केवल 3,500 रुपये मासिक था जो आज बढ़कर 4 गुणा से भी अधिक हो गया है।

मुख्यमंत्री पंचकूला में राज्यस्तरीय ग्रामीण चौकीदार सम्मान समारोह में मुख्यअतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधानसभा के उपाध्यक्ष डाॅ कृष्ण मिड्ढा, हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यौरा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल और विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक शील सारवान भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को धनतेरस और दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।

कांग्रेस ने चौकीदारों और गरीबों का अपमान किया, देशवासियों से मांगे माफी

मुख्यमंत्री ने विपक्षी कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। वह देश में झूठ का माहौल तैयार कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस अपने देशविरोधी मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होगी। क्योंकि देश की जनता उसकी सच्चाई जान चुकी है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री द्वारा स्वयं को चौकीदार कहे जाने पर उनका अपमान कर देश के सभी चौकीदारों और गरीब लोगों का अपमान किया है। इसके लिए विपक्षी पार्टी को देशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान देश में हुए अनेक बड़े घोटालों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी के साथ-साथ भावी पीढ़ी को भी इन घोटालों के बारे में जागरूक करने की आवश्यकता है, ताकि वे कांग्रेस पार्टी की वास्तविकता से भली-भांति परिचित हो सकें।

ग्रामीण चौकीदार सरकार का अहम हिस्सा :

पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने ग्रामीण चौकीदारों के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धरातल पर सेवाभाव से कार्य कर रहे ग्रामीण चौकीदारों की मूलभूत आवश्यकताओं से भली-भांति परिचित हैं और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। ग्रामीण चौकीदार जमीनी स्तर पर सरकार का एक अहम हिस्सा हैं, जो किसी भी घटना की सूचना पुलिस या संबंधित विभाग को देते हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों के हित में अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। वर्ष 2004 से पहले यदि किसी गरीब व्यक्ति ने ग्राम पंचायत की जमीन पर मकान बनाया है और वह भूमि फिरनी, कृषि भूमि या तालाब की श्रेणी में नहीं आती है तो मकान मालिक कलेक्टर रेट से डेढ़ गुना राशि जमा करवाकर उस मकान का मालिकाना हक प्राप्त कर सकता है।

मुख्यमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को मकान बनाकर उनकी चाबियां सौंपने का काम किया गया है ताकि कोई भी गरीब व्यक्ति बेघर न रहे। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत आज गृहिणियों को मात्र 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। इस मौके पर उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक आर्या, पूर्व मेयर मनवीर कौर गिल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Exit mobile version