करनाल: पुलिस की सीआईए-1 टीम ने चाकू की नोक पर छीना-झपटी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन व एक चाकू बरामद किया है। यह कार्रवाई सीआईए-1 इंचार्ज निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में तथा उप-निरीक्षक जयपाल की अध्यक्षता में की गई है। सीआईए-1 टीम ने आरोपी विकास निवासी स्लम एरिया, सेक्टर-12, करनाल, भैरव निवासी टीबा, पिहोवा, जिला कुरुक्षेत्र, सूरज निवासी स्लम एरिया, सेक्टर-12, करनाल को काबू किया गया।
जांच अधिकारी अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार 26 जनवरी 2026 की रात को अटल पार्क के समीप तीन अज्ञात युवकों ने चाकू दिखाकर उस पर हमला किया तथा दो मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए थे। इस घटना के संबंध में थाना सेक्टर-32/33 करनाल में मुकदमा नंबर 52/2026 संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस टीम द्वारा त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

