Clash Between Farmers and Police Over HT Line : सोनीपत। उचित मुआवजे और एचटी लाइन के विरोध को लेकर किसानों और पुलिस प्रशासन के बीच भारी तनातनी और झड़प देखने को मिली। सोनीपत के गांव सोहटी में किसान लंबे समय से धरने पर बैठे थे और एचटी लाइन का कड़ा विरोध कर रहे थे।
सोनीपत के सोहटी गांव में किसानों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प देखने को मिली। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर एचटी लाइन का कार्य जबरन शुरू करवा दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ किसानों ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्महत्या का प्रयास भी किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को रोक लिया। इसके बाद धरने पर बैठी महिलाओं और सैकड़ों किसानों को हिरासत में ले लिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन उनकी आवाज को उच्च स्तर तक पहुंचाने का काम नहीं कर रहा है। किसानों का कहना था कि उनकी केंद्रीय मंत्री से भी बातचीत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई समाधान नहीं निकला जिसके चलते वे धरने पर बैठे थे। अपनी जायज मांगें उठाना भी गलत साबित हो रहा है।
किसानों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और उनका धरना आगे भी जारी रहेगा। उनका धरना प्रदर्शन और आंदोलन लगातार जारी रहेगी पुलिस प्रशासन कितना भी प्रयास कर लें, लेकिन वह दोबारा फिर धरने पर बैठेंगे और जब तक उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा उनका धरना जारी रहेगा। पिछले कई महीनों से धरना दे रहे किसानों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। गांव सोहटी में धरने पर बैठे किसानों को पुलिस द्वारा जबरन डिटेन किए जाने के बाद मामला गर्मा गया है। किसानों की आवाज केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला है और मुआवजे की मांग करने पर पांच किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
इस कार्रवाई के विरोध में किसानों ने अब खेतों और सड़कों के बाद सदर पुलिस स्टेशन के अंदर ही धरना शुरू कर दिया है। किसानों का आरोप है कि उन्हें जबरन उठाना पूरी तरह गलत है। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ के नेतृत्व में यह नया धरना शुरू हुआ है, जिसमें मांग की गई है कि सभी किसानों को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के तुरंत छोड़ा जाए। किसान नेता ने कहा कि अलग-अलग जगह पर किस लंबे समय से धरने पर बैठे हैं और अपनी जमीन के उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इसके लिए वह सभी जगह जा चुके हैं लेकिन आज किसानों को वहां से उठाना गलत था।

