यमुनानगर : एक नाबालिग लड़की की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। तबीयत बिगडऩे पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किशोरी ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया। मृतका की पहचान रायपुर कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय महक के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार देर रात की है। परिजनों के अनुसार परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। महक भी अपने कमरे में चली गई थी। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगडऩे लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने पहले पास के एक क्लीनिक से दवा दिलवाई, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसकी तबीयत और ज्यादा खराब होने लगी तो परिवार वाले उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भर्ती कर लिया। परिजनों का कहना है कि बुधवार को भी महक की हालत नाजुक बनी रही। इलाज लगातार चलता रहा, लेकिन वीरवार तडक़े करीब दो बजे उसने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता फरीद ने बताया कि उनकी बेटी आठवीं कक्षा तक पढ़ी हुई थी और घर पर सब कुछ सामान्य चल रहा था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि महक ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। परिवार भी इस घटना से पूरी तरह सदमे में है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच अधिकारी रमनदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक लडक़ी ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। जब पुलिस अस्पताल पहुंची तब उसकी हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

