Site icon Dainik Savera Times

Haryana News : जनगणना का काम शुरू नहीं करने पर दो क्लर्क नामजद

clerk-nominated-for-not-doing-census-work

clerk-nominated-for-not-doing-census-work

कुरुक्षेत्र। जनगणना के पहले फेज में हाउस लिस्टिंग का काम चल रहा है। कहने के बावजूद इस काम को शुरू नहीं करने वाले दो क्लर्कों पर केस दर्ज हो गया है। डीसी विश्राम मीणा ने कहा कि जनगणना के काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा।

इस सप्ताह हो जाएंगे अधिकतर काम

उन्होंने कहा कि जनगणना को लेकर आने वाले समय में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वे लघु सचिवालय के सभागार में जनगणना के लिए चल रही बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी डीसी को जनगणना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। डीसी ने कहा कि जिले में जनगणना के कार्य को 1704 ब्लॉक बनाकर किया जा रहा है। मौजूदा समय में सभी ब्लॉकों में जनगणना का कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक 116 ब्लॉकों में जनगणना का कार्य पूरा कर लिया गया है। आने वाले सप्ताह में जनगणना के कार्य को काफी हद तक पूरा कर लिया जाएगा।

30 मई तक होगा मकानों का सूचीकरण

डीसी ने कहा कि जनगणना 2027 का पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य चल रहा है, जो 30 मई तक पूरा किया जाएगा। इस चरण में हर घर का विवरण दर्ज किया जा रहा है। इसमें मकान से संबंधित जानकारी, परिवार की मूल जानकारी, मूलभूत सुविधाएं और परिवार की सुविधाएं प्रगणकों द्वारा एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएंगी।आमजन इस कार्य में सहयोग करें और घर आने वाले प्रगणकों सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रगणकों द्वारा किसी प्रकार का ओटीपी या कागजात नहीं लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह जानकारी जुटाए जाने के बाद सुपरवाइजर के पास यह डाटा पहुंचेगा।

गोपनीय रखा जाएगा यह डाटा

इसका सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद सुपरवाइजर द्वारा दिए गए डाटा को चार्ज ऑफिसर सत्यापित करेंगे। उन्होंने सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजरों को निर्देश जारी करते हुए कहा कि इस कार्य को निर्धारित समय में पूरी निष्ठा से पूरा करवाएं। जनगणना में प्रगणकों को जो भी समस्याएं आ रही हैं, उनका समाधान करवाया जा रहा है। इसके लिए जिला स्तर पर निगरानी की जा रही है। डीसी ने कहा कि मकान सूचीकरण में एकत्रित आंकड़े पूरी तरह से गोपनीय रखे जाएंगे। जिनका उपयोग आमजन के कल्याण के लिए नीति निर्माण में किया जाएगा। सभी से आह्वान है कि सभी मकान मालिक या किरायेदार अपनी सही एवं पूरी जानकारी जनगणना में दें। जनगणना का दूसरा चरण फरवरी में शुरू होगा। जिसमें जनसंख्या की गिनती की जाएगी।

Also Read :

Exit mobile version