कैथल: दीपावली से पहले मिठाई बाजारों में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए फूड सेफ्टी विभाग, सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कैथल जींद रोड पर एकांत में संचालित शिव शक्ति मिष्ठान भंडार की फैक्ट्री पर छापेमारी कर टीम ने 175 क्विंटल घटिया क्वालिटी से तैयार मिठाइयां बरामद कीं। मौके पर फैक्ट्री मालिक और कर्मचारी रेड की भनक लगते ही फरार हो गए। टीम जब फैक्ट्री के अंदर पहुंची तो हालात देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
फैक्ट्री में स्वछता के नाम पर भारी लापरवाही बरती जा रही थी। रसगुल्ले, चमचम और खोया से भरे टबों में मरी हुई माखियां तैर रही थीं। मिठाइयों को ढकने के लिए ढक्कन तक नहीं लगाए गए थे। गंदगी और दुगर्ंध से फैक्ट्री परिसर का माहौल असहनीय था। जांच के दौरान टीम को पता चला कि फैक्ट्री में घटिया क्वालिटी के दूध, सिंथेटिक रंग और बेस्वाद केमिकल्स से मिठाई तैयार की जा रही थी, जिसे स्थानीय बाजारों में बड़े पैमाने पर सप्लाई किया जाना था।
फूड सेफ्टी विभाग के निरीक्षक डॉ. पवन चहल ने बताया कि दीपावली को देखते हुए जिले में ह्यमीठे में जहर अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत टीम को सूचना मिली थी कि शिव शक्ति मिष्ठान भंडार के नाम से एक फैक्ट्री में घटिया क्वालिटी का माल तैयार किया जा रहा है। मौके से 175 क्विंटल माल सील कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आरोपयों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहारों के समय मिठाई खरीदते वक्त सतर्क रहें और केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही मिठाई खरीदें।

