Site icon Dainik Savera Times

सीएम फ्लाइंग ने ओवरलोड वाहनों पर कसा शिकंजा

सिरसा: वाहनों पर ओवरलोड माल की ढुलाई की लगातार मिल रही शिकायतों पर सीएम फ्लाइंग ने संज्ञान लेते हुए शुक्रवार रात को वाहनों की जांच की। जांच के दौरान लगभग एक दर्जन वाहनों की जांच की गई, इस दौरान क्षमता से अधिक वजन पाए जाने पर इन वाहनों पर करीब तीन लाख 40 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया है। जानकारी के अनुसार सीएम लाइंग हिसार के उप निरीक्षक राजेश कुमार की अगुवाई में टीम ने वाहनों की जांच की। इस दौरान आरटीए विभाग के निरीक्षक हुकम सिंह की टीम भी मौजूद रहीं। बताया जाता है कि सीएम फ्लाइंग व आरटीए की टीम ने लोडिड वाहनों को जांच के लिए रोका। ओवरलोड प्रतीत होने पर उनका धर्मकांटा पर वजन करवाया गया। वजन अधिक पाए जाने पर वजन के अनुसार जुर्माना लगाया गया।

टीम ने एक ट्रक को 34 हजार, दूसरे ट्रक को 38 हजार, तीसरे ट्रक को भी 38 हजार, एक अन्य को 40 हजार जुर्माना लगाया। जबकि एक ट्रक को 50 हजार, एक को 26 हजार जुर्माना लगाया। एक वाहन के नंबर प्लेट न होनेपर 500 रुपए जुर्माना लगाया गया। एक बस के नंबर प्लेट न होने पर 500 रुपए जुर्माना लगाया गया। टीम ने ईशारा करने पर भी पिकअप न रोकने पर पिकअप चालक को 2 हजार रुपए का जुर्माना ठोंका। टीम ने एक डंपर को ओवरहाइट व ओवरलोड होने पर एक लाख 12 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इस प्रकार सीएम फ्लाइंग की टीम ने एक ही रात में अलग-अलग वाहनों पर तीन लाख 40 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है।

Exit mobile version