Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

गांव गुराना में CM ने किया जनसंवाद कार्यक्रम, गुराना की तहसील हाँसी से बदलकर बरवाला करने की घोषणा

September 8, 2023

गांव गुराना में CM ने किया जनसंवाद कार्यक्रम, गुराना की तहसील हाँसी से बदलकर बरवाला करने की घोषणा

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हिसार के गांव खानपुर की 100 एकड़ भूमि पर पदमा योजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की घोषणा की। इस योजना के शुरू होने से खानपुर और आसपास के गांवों में एमएसएमई इकाइयों को बढ़ावा मिलेगा और बेरोजगारों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। योजना के तहत गांव खानपुर की पंचायत 100 एकड़ भूमि देने का प्रस्ताव देगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को जिला हिसार में नारनौंद विधानसभा के गाँव गुराना में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत लोगों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए हिसार के गांव खानपुर की 100 एकड़ भूमि पर पदमा योजना के तहत औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की घोषणा की। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने गांव गुराना के लोगों की माँग पर गाँव की तहसील को हांसी से बदल कर बरवाला करने और इस गांव का मार्केट कमेटी क्षेत्र भी बरवाला करने की घोषणा की।

मनोहर लाल ने गांव गुराना में पेयजल आपूर्ति करने, छोटूराम स्टेडियम में हॉल और चारदीवारी का निर्माण करने, गाँव के प्राथमिक और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में भूमि लेवल सुधार करने और स्कूलों में नये कमरे व हॉल का निर्माण करने, शिवधाम योजना के तहत श्मशान घाट में चारदीवारी, रास्ते और शेड का निर्माण करने, पानी की सप्लाई करने, गांव मसूदपुर में खरीद केंद्र बनाने, फिरनी के निर्माण और पानी निकासी करने, गांव डाटा में सामुदायिक केंद्र का निर्माण करने तथा सिसाय गांव की पेयजल आपूर्ति को भाखड़ा से जोड़ने की घोषणा की। इसके अलावा, गुराना से मसूदपुर सड़क निर्माण के लिए तीन करम के रास्ते को किसान द्वारा क्लेक्टर रेट पर लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने पर सड़क निर्माण की मंजूरी प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में हमने सरकार बनाते ही एक नया सिस्टम विकसित किया, जिसके तहत कई फैसले लिये गये हैं। लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया गया है। सरकारी नौकरियों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को बंद किया गया और योग्य युवाओं को नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि गुराना गाँव में भी 55 युवकों को सरकारी नौकरी योग्यता पर मिली है। इनके से 10 केंद्र और 45 राज्य सरकार में भर्ती हुए है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें