Site icon Dainik Savera Times

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र के स्थापना दिवस में लिया भाग

पानीपत : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज समालखा के सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र के वार्षिक स्थापना दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कहा कि यह वार्षिक स्थापना दिवस सेवा, साधना और समर्पण के उस विराट संकल्प का उत्सव है, जो समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र से जुड़े उन सभी लाखों परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि, लोगों ने अपने श्रम, सहयोग, त्याग और समर्पण से इस महान प्रकल्प को आकार दिया है। जब समाज स्वयं अपने विकास का संकल्प लेता है, तब परिवर्तन केवल दिखाई नहीं देता, बल्कि पीढिय़ों तक जारी रहता है।

उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकसित भारत का जो संकल्प देश ने लिया है, उसकी सबसे मजबूत नींव हमारे गांव ही हैं। यह प्रयास उन गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां शिक्षा, कौशल, कृषि, स्वास्थ्य, खेल, संस्कृति और रोजगार के सभी आयामों पर एक साथ कार्य किया जा रहा है। यह केंद्र सेवा, साधना और ग्राम विकास की त्रिवेणी के रूप में स्थापित किया गया है। सेवा वह शक्ति है, जो समाज को जोड़ती है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र में किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

आज पूरी दुनिया रसायन मुक्त खेती की ओर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रहा है। हरियाणा सरकार भी इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्राकृतिक खेती केवल खेती की तकनीक नहीं है, बल्कि धरती माता के प्रति हमारा दायित्व भी है। इससे भूमि की उर्वरता बढ़ती है, जल संरक्षण होता है, पर्यावरण सुरक्षित रहता है और किसानों की लागत भी कम होती है। प्राकृतिक खेती करने वाले पात्र किसानों के लिए देसी गाय पर मिलने वाली सब्सिडी को बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए इस वित्त वर्ष के बजट में कई ठोस निर्णय लिये हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के सहयोग से कुरुक्षेत्र जिले में 2 हजार एकड़ क्षेत्र में स्मार्ट एग्रीकल्चर योजना प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि कि इस साधना केंद्र में खेल नर्सरी के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ा जा रहा है। यहां ऐसे छात्रावास संचालित किए जाएंगे, जहां निर्धन परिवारों के बच्चे रहकर शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे और अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकेंगे। यह केवल छात्रावास नहीं होंगे, बल्कि प्रतिभाओं के निर्माण केंद्र होंगे। सेवा साधना एवं ग्राम विकास केंद्र भी इसी अंत्योदय के विचार को आगे बढ़ा रहा है।

यह केंद्र आने वाले समय में पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल बन सकता है कि किस प्रकार समाज की शक्ति, संस्कृति के मूल्यों और आधुनिक विकास की अवधारणाओं को एक साथ जोडक़र परिवर्तन लाया जा सकता है। यह केंद्र केवल पानीपत या हरियाणा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर में ग्राम विकास, कौशल विकास, प्राकृतिक खेती, खेल प्रोत्साहन और सामाजिक उत्थान का एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभरेगा। श्री माधव जन सेवा न्यास के अध्यक्ष पवन जिंदल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह का वहां पहुंचने पर स्वागत और अभिनंदन किया।

इस मौके पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भडाना, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, भाजपा नेता कृष्ण छोकर किवाना, एसपी भूपेंद्र सिंह, निगम आयुक्त डॉ.पंकज यादव, एडीसी अंकित कुमार चौकसे भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का इससे पूर्व स्थानीय पाइट कॉलेज में हेलीपैड पर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से नवनियुक्त डीसी डॉ.हरीश कुमार वशिष्ठ ने पुष्प गुच्छ देकर अभिवादन किया।

Exit mobile version