CM Saini Announces Rs 13.23 Crore for 63 Ladwa Villages : कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस पर लाडवा विधानसभा क्षेत्र के 63 गांवों को 13.23 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि लाडवा उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनका अपना घर और परिवार है। क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद उनकी ताकत है और लाडवा का विकास उनकी जिम्मेदारी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,470.77 करोड़ रुपये की राशि भी लाभार्थियों और स्थानीय निकायों के खातों में हस्तांतरित की।
क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद उनकी ताकत है और लाडवा की तरक्की उनकी जिम्मेदारी है। उनका संकल्प है कि लाडवा के विकास की रफ्तार कभी थमने नहीं देंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को लाडवा में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में क्षेत्रवासियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपाध्यक्षा सुमन सैनी, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, प्रभारी कैलाश सैनी सहित उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, माताओं-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं और कार्यकर्ताओं को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस पर लाडवा विधानसभा के 63 गांवों को 13.23 करोड़ रुपये की सौगात दी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि दीपोत्सव का पर्व हमें पांच अलग-अलग संदेश देता है। धनतेरस आरोग्य और धन-धान्य का प्रतीक है, दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर आशा की विजय का पर्व है, गोवर्धन पूजा प्रकृति, पशुधन और अन्नदाता के प्रति कृतज्ञता का संदेश देती है, जबकि भाई दूज रिश्तों में मिठास और प्रेम बढ़ाने का पर्व है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान हो और हर परिवार में खुशहाली आए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश के लाखों परिवारों को बड़ी सौगात देते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाखों लाभार्थियों और पंचायती राज संस्थाओं व नगरपालिकाओं के बैंक खातों में सीधे 4,470 करोड़ 77 लाख रुपये की राशि हस्तांतरित की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री कृष्ण गोशाला समिति लाडवा को लगभग 7.34 लाख, अखंड गौशाला मथाना को लगभग 7.63 लाख रुपये और मथाना गोवंश धाम एवं अनुसंधान संस्थान लगभग 19.56 लाख रुपये का चेक वितरित किया। इसके अलावा गांवों के विकास के लिए पंचायतों को 1,158 करोड़ रुपये की किस्त जारी, स्थानीय निकायों को 1,727.80 करोड़ रुपये जारी किए है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा के लोगों ने हमेशा प्रेम, भाईचारे और अपने पन की भावना से एक-दूसरे का साथ दिया है। धन-दौलत तिजोरी में रहती है, लेकिन असली पूंजी इंसान के दिलों में बसती है। हमें त्योहारों पर उन लोगों की खुशियों का भी ध्यान रखना चाहिए, जो किसी परेशानी से गुजर रहे हैं। किसी बुजुर्ग का हाल पूछना, जरूरतमंद पड़ोसी की मदद करना और बच्चों तथा युवाओं को आगे बढऩे के लिए प्रेरित करना ही सच्चे समाज धर्म का परिचायक है। उन्होंने कहा कि दीपावली भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की स्मृति का पर्व है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि नेतृत्व अधिकार नहीं, बल्कि कर्तव्य, त्याग और जनसेवा का नाम है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का सपना साकार हुआ है। जिस प्रकार भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीप जलाकर खुशियां मनाई गई थीं, उसी प्रकार आज पूरा देश गौरव और श्रद्धा के साथ दीपोत्सव मना रहा है। उन्होंने सभी से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में मर्यादा, करुणा और सद्भाव का प्रकाश फैलाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली मिलन समारोह अपने लोगों से मिलने, पुरानी यादें साझा करने और भविष्य की राह तय करने का अवसर है। राजनीति में पद से बड़ा जनता का भरोसा होता है और यह भरोसा सेवा, समर्पण तथा सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहने से अर्जित होता है।

