Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

हरियाणा में कांग्रेस बाप-बेटे की पार्टी, दलित बहन का किया गया अपमान: पूर्व सीएम

September 21, 2024

हरियाणा में कांग्रेस बाप-बेटे की पार्टी, दलित बहन का किया गया अपमान: पूर्व सीएम

करनाल। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल के घरौंडा में कहा कि यहां कांग्रेस बाप-बेटे की पार्टी है। बाप-बेटे से उनका मतलब भूपेंद्र और दीपेंद्र हुड्डा से था। मनोहर लाल यहीं नहीं रुके उन्होंने दलित बहन कुमारी शैलजा को भाजपा के साथ हाथ मिलाने का खुला ऑफर भी दिया। हरियाणा के पूर्व सीएम ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा, यहां कांग्रेस बाप बेटे की पार्टी है। बाप कहता है मैं सीएम बनूंगा, बेटा कहता है मैं सीएम बनूंगा। इन दोनों में इसी बात को लेकर झगड़ा है। इन दोनों के अलावा कांग्रेस में और नेताओं को सीएम बनने की इच्छा हो सकती है।

इसके साथ ही वरिष्ठ भाजपा नेता ने कुमारी शैलजा को खुला ऑफर भी दिया। बोले, हमारी एक दलित बहन का अपमान हुआ है। उसको गालियां तक दी गई हैं। आज एक बहुत बड़ा वर्ग सोच रहा है कि हम क्या करें, हमने बहुत नेताओं को अपने साथ मिलाया है। हम तो तैयार हैं ,उन्हें अपने साथ मिलाने के लिए, वो आएं हम तैयार हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, अगर किसी को विश्वास होता कि उनकी सरकार बन रही है तो वो गठबंधन करने के लिए हाथ आगे नहीं बढ़ाते। लेकिन कांग्रेस ऐसा कर चुकी है पर उनके साथ हाथ मिलाने वाला कोई नहीं आया। ये उनकी हार की पहचान को दिखाता है। कांग्रेस में इतनी कलह हो गई है कि वहां सीएम पद के लिए चेहरा स्पष्ट नहीं है।

हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर चल रहे चुनाव प्रचार अभियान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ जीतने का गुरुमंत्र देने जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत 26 सितंबर को कार्यकर्ताओं से संवाद कर, उन्हें अपना-अपना बूथ जीतने के तौर-तरीकों के बारे में बताएंगे। प्रधानमंत्री पार्टी के कार्यकर्ताओं, वॉलंटियर्स और समर्थकों के साथ यह संवाद नमो एप के जरिए करेंगे।

हरियाणा में 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम इस लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इस तरह के कार्यक्रम के जरिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में एकजुटता की भावना बढ़ती है। हरियाणा में, राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 5 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजों 8 अक्टूबर को घोषित होंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें