Site icon Dainik Savera Times

12 से 24 तक कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान

Punjab Congress

Punjab Congress

Congress Launches Statewide ‘Save Vote, Save Nation’ Campaign : अंबाला। लोकतंत्र की रक्षा, जनता के मतदान के अधिकारों की सुरक्षा और कथित चुनावी धांधली को बेनकाब करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रदेशव्यापी पहल करते हुए, हरियाणा कांग्रेस ने 12 नवंबर से 24 नवंबर, 2026 तक पूरे हरियाणा में गहन एवं व्यापक ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ चौपाल अभियान शुरू किया।

चौपालों में जनता से कांग्रेस नेता करेंगे सीधा संवादः हरियाणा के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह दो सप्ताह तक प्रदेश के व्यापक दौरे पर रहेंगे और विभिन्न जिलों में आयोजित चौपालों में भाग लेकर सीधे जनता से संवाद करेंगे। इन चौपालों के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी निष्पक्षता की रक्षा के लिए जनमत तैयार किया जाएगा और आम जनता को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा। इस अभियान का विशेष महत्व है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने 2024 के विधानसभा चुनावों की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का स्पष्ट आरोप है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में आए जनादेश को सुनियोजित चुनावी हेराफेरी और ‘वोट चोरी’ की साजिश के माध्यम से पलट दिया गया और इसका राजनीतिक लाभ भाजपा को पहुंचाया गया।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा बाद में संदिग्ध मतदाता प्रविष्टियों, डुप्लीकेट वोटरों, संदेहास्पद पतों और मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर मिली अनियमितताओं से संबंधित तथ्यों और खुलासों ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों को और गंभीर बना दिया है। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग चुनाव संबंधी मामलों में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रहा है। आयोग की कार्यप्रणाली और भाजपा के राजनीतिक हितों के प्रति उसकी कथित निकटता को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं।

वोट बचाओ–देश बचाओ’ चौपाल अभियान महज जनसभाओं की एक श्रृंखला नहीं होगा, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई को सीधे जनता के बीच ले जाने का एक व्यापक जनआंदोलन होगा। इन चौपालों के माध्यम से कांग्रेस कथित चुनावी अनियमितताओं को जनता के सामने उजागर करेगी। मतदाता सूचियों में हेराफेरी के खतरों के प्रति नागरिकों को जागरूक करेगी और प्रत्येक नागरिक के मौलिक लोकतांत्रिक मतदान अधिकार की रक्षा के लिए प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान खड़ा करेगी।

कांग्रेस पार्टी की प्रमुख मांगें होंगी कि मनमाने और संदेहास्पद तरीके से चलाए जा रहे SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान पर तत्काल रोक लगाई जाए, ‘वोट चोरी’ के आरोपों की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, मतदाता सूचियों से गलत तरीके से हटाए गए। सभी पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल किए जाएं और इस पूरी प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए। कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक जांच की मांग को भी दोहराएगी।

Exit mobile version