Site icon Dainik Savera Times

पराग और दिव्यांशु बोले- वोट के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Congress Takes Out Massive Rally from Karnal for Delhi Protest : करनाल। लोकतंत्र, संविधान और जनता के वोट के अधिकार की रक्षा का संकल्प लेकर रविवार को करनाल से कांग्रेस का विशाल कारवां दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली में शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के जिलाध्यक्ष पराग गाबा एवं करनाल लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिव्यांशु बुद्धिराजा के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ दिल्ली कूच किया। पराग गाबा व दिव्यांशु बुद्धिराजा ने बताया कि सेक्टर-12 स्थित हुड्डा ग्राउंड में नगर निगम पार्किंग के सामने सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए और विशाल काफिले के साथ कार्यकर्ताओं ने दिल्ली की ओर प्रस्थान किया।

उन्होंने कहा कि रास्तों में कथित बाधाओं के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। जिलाध्यक्ष पराग गाबा ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ा सवाल लोकतंत्र और संविधान को बचाने का है। विपक्ष लगातार चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और कथित वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दे उठा रहा है, लेकिन सरकार इन सवालों का जवाब देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने में लगी है। महंगाई ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है, बेरोजगारी ने युवाओं के सपनों पर चोट की है, किसान अपनी फसलों के उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहे हैं और छोटे व्यापारी आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने से रोकने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ट्रेनों में बाधाओं से लेकर रास्तों में जगह-जगह बैरियर लगाकर हर आधे घंटे बाद चेकिंग के नाम पर कार्यकर्ताओं को रोकने और देरी कराने के प्रयास हो रहे हैं। भाजपा को समझ लेना चाहिए कि बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते रोके जा सकते हैं, लेकिन कांग्रेस के संघर्ष और कार्यकर्ताओं के हौसले को नहीं। कांग्रेस का कार्यकर्ता न झुकेगा, न डरेगा और न रुकेगा। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि जिस लोकतंत्र को स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने खून-पसीने से सींचा, उसे कमजोर होते कांग्रेस कभी चुपचाप नहीं देख सकती।

जनता का वोट महज एक चुनावी निशान नहीं, बल्कि उसकी आवाज, सम्मान और भविष्य की ताकत है। इस मौके पर पूर्व विधायक रणधीर गोलन, मनोज वधवा, जोगिन्दर वाल्मीकि, दिलशेर डाचर, बिंदर पोसवाल, तरुण चौहान, ललित अहूजा, संदीप महाजन, लाडी संधू, गुरमीत सिंह, नवनीत रंधावा, शेर सिंह डबरी, रिशपाल सिंह, सुरेन्द नम्बरदार, पंकज गाबा, परवीन पुनिया, शारदा सिंधु, रामेश्वर कश्यप, बिट्टू कश्यप, कृष्ण कश्यप, हरिताब, सपना राणा, सुरेखा सैनी , रिशा नैन, हरदीप कौर, कुलदीप सिंह, महावीर, धर्मवीर सिंह, रेकमवीर सिंह, जितेंद्र पांचाल, बिजेन्द्र खोखर, विनोद तितोरिया, पृथ्वी राज भट्ट सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Exit mobile version